नगांव में व्रतधारियों ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया, कल उदीयमान सूर्य को अर्घ्य के साथ संपन्न होगा चार दिवसीय छठ महापर्व

थर्ड आई न्यूज

नगांव से जयप्रकाश सिंह

सूर्य उपासना के महापर्व छठ के तीसरे दिन रविवार को व्रतधारियों ने 36 घंटे के निर्जला उपवास के दौरान अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित किया। दोपहर बाद से ही शहर के विभिन्न घाटों और जलाशयों पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी। व्रतधारी महिलाएं और पुरुष फल-फूल से सजे दउरा लेकर अपने सिर पर अथवा वाहनों के माध्यम से गाजे-बाजे के साथ घाटों पर पहुंचे। पूजा-अर्चना के बाद उन्होंने डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया।

सूर्य षष्ठी समाज कल्याण समिति और छठ व्रत समिति की ओर से अपने-अपने घाटों पर व्रतधारियों की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे। समितियों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता व्यवस्थाओं पर लगातार नजर रखे हुए थे, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। शहर के अधिकांश घाटों पर आकर्षक विद्युत सज्जा के साथ अस्थायी स्नानघर भी बनाए गए थे।

सूर्य षष्ठी समाज कल्याण समिति के सांस्कृतिक सचिव रविंद्र शाह ने बताया कि नेहरूबाली विजयदशमी घाट पर बने सुसज्जित पंडाल में स्थानीय कलाकारों ने धार्मिक नृत्य और संगीत की प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। सोमवार को झारखंड की प्रसिद्ध गायिका मानवी सिंह और गायक लाडला की ओर से भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में नगांव शहर के अलावा आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में संगीत एवं संस्कृति प्रेमियों के पहुंचने की संभावना है।

वहीं, छठ व्रत समिति के तत्वावधान में श्री कृष्णाश्रम शिव मंदिर घाट पर बने भव्य पंडाल में भजन संध्या आयोजित की गई। इसमें प्रसिद्ध भजन गायक नूतन तिवारी, मिंटू दुबे और रिंकू मौर्य की प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। भजनों की धुन पर श्रद्धालु झूमते नजर आए।

शहर के विभिन्न घाटों पर सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे। सोमवार सुबह व्रतधारी उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे। इसके साथ ही चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन हो जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *