असम के छोटे गारमेंट कारोबारियों को मिलेगा नया संबल, नेग्टा के 49वें बायर्स एंड सेलर्स मीट का शुभारंभ

थर्ड आई न्यूज़

गुवाहाटी, 4 जुलाई। असम एवं पूर्वोत्तर भारत के छोटे और मध्यम गारमेंट कारोबारियों को नए व्यापारिक अवसर उपलब्ध कराने तथा क्षेत्र के परिधान उद्योग को नई दिशा देने के उद्देश्य से नॉर्थ ईस्टर्न गारमेंट्स ट्रेडर्स एसोसिएशन (नेग्टा) द्वारा आयोजित तीन दिवसीय 49वें बायर्स एंड सेलर्स मीट का शनिवार को शुभारंभ हुआ। व्यापारिक प्रदर्शनी का उद्घाटन भगवान गणेश के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर नेग्टा के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने किया।

इस अवसर पर नेग्टा के अध्यक्ष शेखर अग्रवाल ने कहा कि वर्ष में दो बार आयोजित होने वाला यह बायर्स एंड सेलर्स मीट आज देश के प्रतिष्ठित गारमेंट व्यापार मंचों में अपनी विशिष्ट पहचान बना चुका है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य असम एवं पूर्वोत्तर के छोटे और मध्यम कपड़ा कारोबारियों को देश के अग्रणी ब्रांडों, निर्माताओं, डिजाइनरों और आपूर्तिकर्ताओं से सीधे जोड़ना है, ताकि वे प्रतिस्पर्धी कीमतों पर गुणवत्तापूर्ण उत्पाद खरीदकर अपने व्यवसाय को और अधिक सशक्त बना सकें।

नेग्टा के महासचिव वरुण रूंगटा ने बताया कि आगामी त्योहारी सीजन को ध्यान में रखते हुए इस बार की प्रदर्शनी में ऑटम-विंटर 2026 के नवीनतम परिधान संग्रह प्रस्तुत किए जा रहे हैं। मुख्य प्रदर्शनी का आयोजन होटल डायास्को में किया गया है, जबकि होटल अतिथि, होटल विश्वरत्न, होटल राजमहल तथा श्री महावीर धर्मशाला सहयोगी स्थलों के रूप में जुड़े हुए हैं।

तीन दिवसीय प्रदर्शनी में 200 से अधिक प्रदर्शक 600 से अधिक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय ब्रांडों के पुरुष, महिला एवं बच्चों के परिधान, फुटवियर तथा फैशन एक्सेसरीज़ का प्रदर्शन कर रहे हैं। आयोजकों के अनुसार, इस आयोजन में असम सहित पूर्वोत्तर के विभिन्न राज्यों से 650 से अधिक खुदरा व्यापारी एवं कारोबारी प्रतिनिधियों के भाग लेने की संभावना है। प्रदर्शनी के दौरान व्यापारिक संपर्क स्थापित करने के साथ-साथ उत्पादों की खरीद एवं आगामी सीजन के लिए अग्रिम बुकिंग भी की जाएगी।

आयोजकों ने बताया कि इस व्यापारिक मेले की परिकल्पना पूर्वोत्तर के व्यापारियों की बदलती व्यावसायिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए की गई है। इसका उद्देश्य छोटे गारमेंट कारोबारियों को नवीनतम उत्पादों, प्रतिस्पर्धी मूल्यों और बेहतर व्यावसायिक अवसरों तक सीधी पहुंच उपलब्ध कराना है, जिससे क्षेत्र के वस्त्र व्यापार को नई गति मिल सके।

नेग्टा के जनसंपर्क अधिकारी राजीव अजितसरिया ने कहा कि संस्था व्यापार एवं वाणिज्य को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों से जुड़े विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यों के प्रति भी समान रूप से प्रतिबद्ध है।

इस आयोजन के सफल संचालन में अध्यक्ष शेखर अग्रवाल, महासचिव वरुण रूंगटा, उपाध्यक्ष अनिल कोचर, कोषाध्यक्ष शैलेश गोयनका, जनसंपर्क अधिकारी राजीव अजितसरिया तथा कार्यकारिणी सदस्य चंदन सेठिया, चंदन पारीक, अजय बराड़िया, दिनेश पारीक, रविंद्र जैन, दीपक अग्रवाल, संजय अग्रवाल, राजकुमार चौधरी एवं संजित जैन सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

तीन दिवसीय ऑटम-विंटर कलेक्शन 2026 प्रदर्शनी का समापन 6 जुलाई को होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *