बीकानेर में बनेगा श्री परशुराम ज्ञानपीठ, विप्र फाउंडेशन को सौंपी गई भूमि

थर्ड आई न्यूज़

बीकानेर, 10 जुलाई। विप्र फाउंडेशन के लिए शुक्रवार का दिन ऐतिहासिक उपलब्धि लेकर आया। राजस्थान सरकार द्वारा बीकानेर की गांधी कॉलोनी में शिक्षा, संस्कार, स्वावलंबन एवं समाजोत्थान की गतिविधियों के लिए आवंटित भूमि का विधिवत सीमांकन कर संगठन को सुपुर्द कर दिया गया। इसके साथ ही बीकानेर में श्री परशुराम ज्ञानपीठ के निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो गया है।

विप्र फाउंडेशन के अनुसार यह उपलब्धि वर्षों के सतत प्रयास, धैर्य और सामूहिक संकल्प का परिणाम है। संगठन का कहना है कि यह परियोजना भविष्य में शिक्षा, संस्कार, नेतृत्व निर्माण और सामाजिक उत्थान की विभिन्न गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगी।

संगठन ने बताया कि देशभर में समाजोत्थान के स्थायी केंद्र विकसित करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है। वर्तमान में कोलकाता, जयपुर, सूरत, उदयपुर, रायपुर, सागवाड़ा, परशुराम कुंड, सरदारशहर और अब बीकानेर सहित नौ शहरों में विप्र फाउंडेशन द्वारा भूमि अर्जित कर स्थायी सेवा एवं संस्कार केंद्र विकसित किए जा रहे हैं।

विप्र फाउंडेशन का कहना है कि संस्था वर्तमान पीढ़ी के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों को ध्यान में रखते हुए शिक्षा, संस्कार, नेतृत्व निर्माण और सामाजिक सशक्तीकरण के लिए देशभर में आधारभूत संरचना विकसित करने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। संगठन ने इस उपलब्धि को भगवान श्री परशुराम की कृपा, समाज के विश्वास तथा हजारों कार्यकर्ताओं के समर्पण का परिणाम बताया।

इस अवसर पर विप्र फाउंडेशन ने सभी सहयोगियों, शुभचिंतकों, कार्यकर्ताओं और समाजबंधुओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज के सहयोग और विश्वास से भविष्य में भी ऐसे जनोपयोगी एवं समाजोत्थान के कार्य निरंतर आगे बढ़ाए जाते रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *