लायंस क्लब ऑफ गुवाहाटी सिटी के समर कैंप में जरूरतमंद बच्चों ने सीखे स्वच्छता, संस्कार और जीवन कौशल
थर्ड आई न्यूज़
गुवाहाटी । जरूरतमंद बच्चों के जीवन में खुशियां, आत्मविश्वास और जागरूकता का संचार करने के उद्देश्य से लायंस क्लब ऑफ गुवाहाटी सिटी की ओर से फैंसी बाजार स्थित बॉटनिकल गार्डन में एक विशेष समर कैंप का आयोजन किया गया। शिविर में 25 जरूरतमंद बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जबकि क्लब के 10 सदस्यों ने सक्रिय सहभागिता निभाकर कार्यक्रम को सफल बनाया।
कार्यक्रम में वार्ड संख्या 15 के पार्षद सौरव झुनझुनवाला मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए क्लब की इस सेवा पहल की सराहना की। इस अवसर पर क्लब के अध्यक्ष श्याम सिंघानिया ने पारंपरिक असमिया गमछा भेंट कर उनका स्वागत एवं सम्मान किया। क्लब की ओर से बॉटनिकल गार्डन में शिविर आयोजित करने में सहयोग के लिए पार्षद सौरव झुनझुनवाला तथा पार्क प्रबंधन का आभार व्यक्त किया गया।
समर कैंप के दौरान बच्चों के लिए स्वच्छता, स्वास्थ्य, सड़क सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और नैतिक मूल्यों से जुड़े कई ज्ञानवर्धक एवं जागरूकता सत्र आयोजित किए गए। सुनीता गुप्ता ने बच्चों को व्यक्तिगत स्वच्छता, दांतों की देखभाल तथा सही तरीके से हाथ धोने के महत्व की जानकारी दी। ज्योति अग्रवाल ने सड़क सुरक्षा के नियमों और सावधानियों से अवगत कराया, जबकि प्रीति सिंघानिया ने कचरा प्रबंधन और डस्टबिन के सही उपयोग के प्रति जागरूक किया। ज्योति चौधरी ने बच्चों से संवाद करते हुए माता-पिता और शिक्षकों के सम्मान, अनुशासन तथा नैतिक मूल्यों का महत्व समझाया।
बच्चों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए खेलकूद और टीम निर्माण से जुड़ी मनोरंजक गतिविधियों का भी आयोजन किया गया। इनका संचालन क्लब की पूर्व अध्यक्ष दीपिका अग्रवाल ने किया। बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ विभिन्न खेलों में भाग लिया और आनंदपूर्वक समय बिताया।
शिविर के दौरान बच्चों के लिए अल्पाहार एवं जलपान की व्यवस्था की गई। विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को प्रथम एवं द्वितीय पुरस्कार प्रदान किए गए, जबकि सभी प्रतिभागी बच्चों को उपहार हैम्पर देकर प्रोत्साहित किया गया। उपहार पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
इस सेवा परियोजना का नेतृत्व परियोजना अध्यक्ष सुनीता गुप्ता ने किया। कार्यक्रम में क्लब के अध्यक्ष श्याम सिंघानिया, सचिव अमित कुमार अग्रवाल, कोषाध्यक्ष नारायण चौधरी, जनसंपर्क अधिकारी विकास गुप्ता तथा अजय अग्रवाल सहित अन्य सदस्यों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई और बच्चों के साथ समय बिताकर उनका उत्साह बढ़ाया।
लायंस क्लब ऑफ गुवाहाटी सिटी की इस पहल ने यह संदेश दिया कि समाज के जरूरतमंद बच्चों को केवल आर्थिक सहायता ही नहीं, बल्कि शिक्षा, संस्कार, जागरूकता और आत्मविश्वास प्रदान करना भी समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। यही प्रयास उन्हें बेहतर भविष्य की ओर अग्रसर करने का सबसे प्रभावी माध्यम बन सकता है।

