बाढ़ राहत के लिए ‘अपनी चौपाल’ ने AASU को सौंपी 61 कार्टून आवश्यक सामग्री

थर्ड आई न्यूज

गुवाहाटी । असम में बाढ़ से प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए सामाजिक संस्था ‘अपनी चौपाल’ ने गुरुवार को ऑल असम स्टूडेंट्स यूनियन (AASU) को आवश्यक राहत सामग्री सौंपी। यह सामग्री उजान बाजार स्थित शहीद भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान AASU के स्थानीय पदाधिकारियों को प्रदान की गई।

संस्था की ओर से 61 कार्टून राहत सामग्री सौंपी गई, जिसमें फिनाइल, बेबी फूड, ब्लीचिंग पाउडर एवं बोतलें, माचिस, बिस्किट, पाउच दूध, मच्छर अगरबत्ती, कपड़े सहित अन्य दैनिक उपयोग की आवश्यक वस्तुएं शामिल हैं। संस्था ने विश्वास जताया कि AASU के स्वयंसेवकों के माध्यम से यह सामग्री शीघ्र ही बाढ़ प्रभावित जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाई जाएगी।

इस अवसर पर अपनी चौपाल के सलाहकार अशोक थर्ड ने कहा कि प्राकृतिक आपदा के समय समाज का सामूहिक सहयोग ही सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने कहा कि संस्था मानव सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति सदैव प्रतिबद्ध रही है और भविष्य में भी जनहित से जुड़े ऐसे कार्य जारी रखेगी।

संस्था के कार्यकर्ता मनोज शर्मा ने बाढ़ राहत कार्यों में जुटे AASU के स्वयंसेवकों के समर्पण की सराहना की। वहीं AASU के स्थानीय पदाधिकारी कमल सैकिया, कमल महंत एवं प्रांजल डेका ने अपनी चौपाल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्राप्त राहत सामग्री को शीघ्र ही बाढ़ प्रभावित परिवारों तक पहुंचाया जाएगा।

अपनी चौपाल के जनसंपर्क अधिकारी रतन खाखोलिया ने सभी सहयोगियों, दानदाताओं और स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त करते हुए समाज के लोगों से राहत एवं जनसेवा के अभियानों में सक्रिय भागीदारी की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *