होजाई के वरिष्ठ नागरिकों ने बाढ़ पीड़ितों के लिए बढ़ाया मदद का हाथ, राहत कोष में दिए 1.04 लाख रुपये

थर्ड आई न्यूज

होजाई से रमेश मुंदड़ा

असम में आई विनाशकारी बाढ़ से प्रभावित जिलों के राहत एवं पुनर्वास कार्यों के लिए होजाई जिले के वरिष्ठ नागरिकों ने उल्लेखनीय सहयोग प्रदान करते हुए मानवता की मिसाल पेश की है। असम वरिष्ठ नागरिक सम्मिलन के केंद्रीय आह्वान पर होजाई जिला वरिष्ठ नागरिक सम्मिलन के नेतृत्व में जिले के विभिन्न क्षेत्रों के वरिष्ठ नागरिकों ने 1,04,000 रुपये की सहायता राशि राज्य समिति के बाढ़ राहत कोष में जमा कराई है।

होजाई, काकी, लंका, डबका, दलपुखुरी, जमुनामुख, शंकरदेव नगर तथा आसपास के क्षेत्रों के वरिष्ठ नागरिकों ने कुछ ही दिनों में स्वेच्छा से सहयोग राशि एकत्र कर बाढ़ प्रभावित चार जिलों के राहत कार्यों के लिए यह योगदान दिया।

होजाई जिला वरिष्ठ नागरिक सम्मिलन के अध्यक्ष कृष्ण कुमार शर्मा और सचिव अनूप कुमार बरठाकुर ने बताया कि जिले के वरिष्ठ नागरिकों ने खुले दिल से राहत अभियान में सहयोग किया है। उन्होंने कहा कि पहली किस्त जमा किए जाने के बावजूद सहायता राशि संग्रह का अभियान 15 अगस्त तक जारी रहेगा, ताकि अधिक से अधिक सहयोग जुटाकर बाढ़ प्रभावित परिवारों तक राहत पहुंचाई जा सके।

अनूप कुमार बरठाकुर ने बताया कि असम वरिष्ठ नागरिक सम्मिलन जिला एवं शाखा समितियों के सहयोग से एकत्रित निधि का पारदर्शी एवं सुनियोजित ढंग से वितरण करेगा। इसके लिए संगठन की टीमें प्रभावित जिलों का दौरा कर स्थानीय वरिष्ठ नागरिक सम्मिलन की अनुशंसा के आधार पर जरूरतमंद परिवारों तक सहायता पहुंचाने का कार्य सुनिश्चित करेंगी।

सम्मिलन की ओर से कहा गया कि इस अभूतपूर्व प्राकृतिक आपदा के समय वरिष्ठ नागरिकों ने पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय दिया है। संगठन ने विश्वास व्यक्त किया कि आगे भी राहत एवं पुनर्वास कार्यों के लिए समाज का सहयोग इसी प्रकार मिलता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *