मारवाड़ी युवा मंच, गुवाहाटी ग्रेटर का ‘कांवड़िया सेवा शिविर-2026’ शुरू, श्रावण मास में शिवभक्तों के लिए पेयजल, चाय और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था

थर्ड आई न्यूज

गुवाहाटी । श्रावण मास में भगवान शिव के प्रति श्रद्धा और सेवा भावना को समर्पित मारवाड़ी युवा मंच, गुवाहाटी ग्रेटर शाखा द्वारा ‘कांवड़िया सेवा शिविर-2026’ का शुभारंभ ए.टी. रोड स्थित पूर्वी कॉम्प्लेक्स में किया गया।

शिविर का उद्घाटन इंडस्ट्रियल ट्रिब्यूनल के आधिकारिक रजिस्ट्रार एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, गुवाहाटी विभाग के कार्यवाह दिलीप शर्मा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने मंच की सेवा-भावना की सराहना करते हुए कहा कि समाज सेवा ही सच्ची ईश्वर सेवा है।

इस अवसर पर मारवाड़ी युवा मंच पूर्वोदय प्रांत के पूर्व अध्यक्ष पंकज जालान भी उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि शिवभक्त कांवड़ियों की सेवा का यह अभियान मंच की सेवा, समर्पण और संस्कार की परंपरा को आगे बढ़ाने वाला सराहनीय प्रयास है।

सेवा शिविर 2 अगस्त की रात्रि 9:30 बजे से सोमवार सूर्योदय तक संचालित किया गया। इस दौरान कांवड़ यात्रियों के लिए शीतल पेयजल, चाय, प्राथमिक उपचार सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई, ताकि उनकी यात्रा सुरक्षित और सुविधाजनक बन सके।

शाखा अध्यक्ष शिव कुमार मौर ने कहा कि श्रावण मास में शिवभक्तों की सेवा करना सौभाग्य की बात है। यह शिविर केवल सेवा का माध्यम नहीं, बल्कि समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी और मानवता के मूल्यों का प्रतीक भी है।

शाखा के सह सचिव नितिन अग्रवाल ने सभी सदस्यों, सहयोगियों और स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मंच भविष्य में भी समाजहित के ऐसे सेवा कार्य निरंतर आयोजित करता रहेगा।

कार्यक्रम में शाखा के पदाधिकारी, सदस्य तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे और सभी ने सेवा कार्य में उत्साहपूर्वक अपनी सहभागिता निभाई।

यह जानकारी शाखा के जनसंपर्क अधिकारी प्रतीक अग्रवाल द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *