सड़कों पर बाढ़ राहत के नाम पर चंदा वसूली पर रोक, नियम तोड़ने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई : मुख्यमंत्री हिमंत
थर्ड आई न्यूज
गुवाहाटी, 6 अगस्त। असम सरकार ने बाढ़ राहत के नाम पर सड़कों पर अनधिकृत रूप से चंदा एकत्र करने पर सख्त रोक लगा दी है। मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि सार्वजनिक स्थानों पर बाढ़ पीड़ितों के नाम पर जबरन धन संग्रह करने वालों के खिलाफ पुलिस कड़ी कानूनी कार्रवाई करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी व्यक्ति या संगठन को सार्वजनिक सड़कों पर दान पेटी (डोनेशन बॉक्स) लेकर खड़े होने या क्यूआर कोड (QR Code) के माध्यम से राहगीरों और वाहन चालकों से चंदा मांगने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
उन्होंने कहा, “बाढ़ राहत के नाम पर सार्वजनिक सड़कों पर किसी को भी धन संग्रह करने की अनुमति नहीं होगी। जो लोग ऐसा करते पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।”
मुख्यमंत्री ने बताया कि सड़क किनारे दान पेटी लेकर खड़े होने या क्यूआर कोड प्रदर्शित कर धन एकत्र करने वालों के विरुद्ध पुलिस तत्काल कार्रवाई करेगी। इस संबंध में असम पुलिस को स्पष्ट और कड़े निर्देश जारी कर दिए गए हैं कि राज्यभर में इस प्रकार के सभी अनधिकृत चंदा संग्रह अभियानों को तुरंत रोका जाए।
यह निर्देश ऐसे समय में जारी किया गया है, जब राज्य के विभिन्न हिस्सों से ट्रैफिक चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर बाढ़ पीड़ितों के नाम पर चंदा वसूले जाने की शिकायतें सामने आई हैं।
सरकार ने नागरिकों से अपील की है कि वे बाढ़ राहत के लिए केवल अधिकृत माध्यमों से ही आर्थिक सहयोग करें, ताकि सहायता वास्तविक जरूरतमंदों तक पारदर्शी और प्रभावी ढंग से पहुंच सके।

