सावन में भक्ति और आस्था का अनुपम उत्सव, श्री राधाकृष्ण ठाकुरबाड़ी में झूलन महोत्सव शुरू
थर्ड आई न्यूज
बरपेटा रोड। श्री राधाकृष्ण ठाकुरबाड़ी समिति की ओर से सावन मास में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले भव्य झूलन महोत्सव का शुभारंभ 23 अगस्त को श्रद्धा, उल्लास और भक्तिमय वातावरण में हुआ। छह दिवसीय यह महोत्सव 28 अगस्त, पावन पूर्णिमा तक चलेगा। भव्य आयोजन के चलते श्री राधाकृष्ण ठाकुरबाड़ी की क्षेत्र में ‘झूलन मंदिर’ के रूप में विशेष पहचान बनी हुई है।
महोत्सव का विधिवत उद्घाटन असम विधानसभा के अध्यक्ष एवं सरभोग-भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक रंजीत कुमार दास ने किया। इस अवसर पर ठाकुरबाड़ी समिति के अध्यक्ष कैलाश सराफ के नेतृत्व में भगवान श्री राधा-कृष्ण की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद समिति की ओर से रंजीत कुमार दास का अभिनंदन किया गया।
उद्घाटन समारोह में बरपेटा रोड नगर पालिका बोर्ड के अध्यक्ष राजा सरकार सहित विभिन्न वार्डों के वार्ड कमिश्नर उपस्थित रहे। समिति की ओर से सभी जनप्रतिनिधियों का भी स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
झूलन महोत्सव के अवसर पर भगवान श्री राधा-कृष्ण को आकर्षक एवं भव्य झूले पर विराजमान कराया गया है। मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी विद्युत रोशनी, आकर्षक सजावट और मनमोहक श्रृंगार से सजाया गया है। सावन मास में ठाकुरबाड़ी की यह भव्य सजावट श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
ठाकुरबाड़ी परिसर के निचले हिस्से में भगवान श्री राधा-कृष्ण की दिव्य लीलाओं और विभिन्न धार्मिक प्रसंगों पर आधारित सुंदर झांकियां भी सजाई गई हैं। इन झांकियों के माध्यम से भगवान श्री राधा-कृष्ण की लीलाओं को मनोहारी रूप में प्रस्तुत किया गया है। झांकियों और झूलन दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं स्थानीय लोग ठाकुरबाड़ी पहुंच रहे हैं।
उद्घाटन समारोह में समाज के अनेक वरिष्ठजनों और गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही। इनमें बाबूलाल मोर, गौरीशंकर खेमका, शिवरतन राठी, नागरमल शर्मा एवं हरिकिशन महेश्वरी सहित अनेक समाजबंधु प्रमुख रूप से शामिल रहे।
महोत्सव के संयोजक गिरधारी शर्मा अपने सहयोगियों के साथ आयोजन को भव्य एवं व्यवस्थित बनाने में सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं। उनकी देखरेख में श्रद्धालुओं की सुविधा और कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को सुचारु रूप देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
समिति ने सभी श्रद्धालुओं एवं समाजबंधुओं से 28 अगस्त, पूर्णिमा तक ठाकुरबाड़ी पहुंचकर झूलन महोत्सव में सहभागी बनने तथा भगवान श्री राधा-कृष्ण के मनमोहक झूलन दर्शन कर आध्यात्मिक आनंद प्राप्त करने का आग्रह किया है।
समारोह के अंत में श्री राधाकृष्ण ठाकुरबाड़ी समिति के सचिव समीर चौधरी ने उद्घाटन समारोह में उपस्थित अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठजनों, समाजबंधुओं एवं सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने महोत्सव की सफलता के लिए सभी से सहयोग एवं सहभागिता की अपील की।

