लखीमपुर के श्री श्री हनुमान मंदिर में धूमधाम से मना श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव
थर्ड आई न्यूज
लखीमपुर । शहर के मध्य स्थित श्री श्री हनुमान मंदिर में मंदिर समिति की ओर से श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव-2026 श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। शुक्रवार, 4 सितंबर को आयोजित महोत्सव को लेकर मंदिर समिति की ओर से कई दिनों पूर्व से तैयारियां शुरू कर दी गई थीं।
जन्माष्टमी के अवसर पर मंदिर परिसर की विशेष साफ-सफाई कर आकर्षक सजावट की गई। रंग-बिरंगे फूलों, झालरों और विद्युत रोशनी से पूरा परिसर सजाया गया। भगवान के वस्त्र बदले गए तथा मंदिर के शिखर पर लगे पुराने ध्वजों को हटाकर नए ध्वज लगाए गए। सजावट के बाद मंदिर परिसर का वातावरण पूरी तरह कृष्णमय नजर आया।
महोत्सव का प्रमुख आकर्षण बच्चों के लिए आयोजित भक्ति संगीत एवं सांस्कृतिक नृत्य प्रतियोगिता रही। शाम 5 बजे से रात 9 बजे तक दो आयु वर्गों में आयोजित प्रतियोगिता में बच्चों ने श्रीकृष्ण के भजनों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं की खूब वाहवाही लूटी। प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका सीमा पाण्डेय झा एवं समशेर सिंह ने निभाई।
ग्रुप-ए (4 से 9 वर्ष) में प्रथम पुरस्कार मायुश्री दास, द्वितीय लूना नाथ तथा तृतीय पुरस्कार बिदिशा कलिता ने प्राप्त किया। वहीं ग्रुप-बी (वरिष्ठ वर्ग) में प्रथम पुरस्कार सरस्वती मिश्रा, द्वितीय खुशी शर्मा तथा तृतीय पुरस्कार पद्मिनी प्रसाद को मिला। सभी विजेता प्रतिभागियों को मंदिर समिति की ओर से पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
रात्रि 9 बजे से मंदिर के स्थानीय कलाकार एवं व्यास विनय ठाकुर के नेतृत्व में भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। मधुर भजनों पर श्रद्धालु देर रात तक भक्तिरस में झूमते रहे। मुख्य पूजा-अर्चना में रमाकांत सिंह एवं उनकी धर्मपत्नी ने सपत्नीक यजमान के रूप में भाग लेकर विधि-विधान से पूजा संपन्न कराई। इसके बाद महाआरती हुई और श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरित किया गया। इस दौरान मंदिर परिसर में “नंद घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की” और “हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की” के जयकारे गूंजते रहे।
जन्माष्टमी महोत्सव में उत्तर लखीमपुर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। मंदिर परिसर भक्तों से खचाखच भरा रहा और पूरे आयोजन के दौरान उत्सव का माहौल बना रहा।
कार्यक्रम को सफल बनाने में समिति के मुख्य सलाहकार डॉ. दिलीप कुमार झा, डॉ. बिंदा साह, डॉ. रंजन सिंह, रामएकबाल सिंह, संजय चौधरी, समशेर सिंह सहित अध्यक्ष लक्ष्मीकांत प्रसाद, सचिव भोला पांडेय एवं कोषाध्यक्ष शशि प्रकाश चौरसिया का विशेष योगदान रहा।

