नगांव के सेवानिवृत्त प्रधान शिक्षक तरुण चंद्र बोरा को मिला ‘भारत गौरव पुरस्कार’

नगांव से जयप्रकाश सिंह

नगांव, 8 सितम्बर। शिक्षक दिवस के अवसर पर 5 सितंबर को पश्चिम बंगाल के न्यू दीघा स्थित जहाजबाड़ी के डीएसडीए कम्युनिटी हॉल में ‘एमिनेंट पर्सनैलिटी फेलिसिटेशन एवं भारत गौरव अवॉर्ड सेरेमनी’ का आयोजन किया गया। विवेकानंद स्पोर्ट्स अकादमी एवं महाबंग साहित्य परिषद चैरिटेबल ट्रस्ट, कोलकाता के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित समारोह में शिक्षा, समाजसेवा, साहित्य, संस्कृति सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले विशिष्ट व्यक्तियों को सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर असम के नगांव जिले के सेवानिवृत्त प्रधान शिक्षक एवं समाजसेवी तरुण चंद्र बोरा को शिक्षा एवं समाजसेवा के क्षेत्र में उनके दीर्घकालीन योगदान के लिए प्रतिष्ठित ‘भारत गौरव पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया। उन्हें पुरस्कार के साथ स्मृति-चिह्न एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया गया।

समारोह में पूज्य स्वामीजी महाराज मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इसके अलावा पश्चिम बंगाल के पटाशपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं पूर्व सैनिक तपन माइती, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं समाजसेवी शिशिर अधिकारी, पूर्व आईआईएस अधिकारी एवं सेक्रेटरी जनरल ज्योतिर्मय माइती तथा महाबंग साहित्य परिषद चैरिटेबल ट्रस्ट के संस्थापक एवं अध्यक्ष तपन साहा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

शिक्षक दिवस के अवसर पर आयोजित राष्ट्रीय स्तर के इस सम्मान समारोह में नगांव के एक सेवानिवृत्त प्रधान शिक्षक एवं समाजसेवी को ‘भारत गौरव पुरस्कार’ से सम्मानित किया जाना जिले के साथ-साथ पूरे असम के लिए गौरव का विषय है। तरुण चंद्र बोरा के शिक्षा एवं समाजसेवा के क्षेत्र में लंबे समय से किए जा रहे योगदान को मिली यह राष्ट्रीय पहचान शिक्षक समाज और नई पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *