लखीमपुर में डॉ. भूपेन हजारिका की जन्म शताब्दी का भव्य समापन समारोह
थर्ड आई न्यूज
लखीमपुर, 8 सितम्बर। पूरे राज्य के साथ लखीमपुर जिले में भी जिला प्रशासन के तत्वावधान में त्यागक्षेत्र में गणशिल्पी डॉ. भूपेन हजारिका की जन्म शताब्दी का समापन समारोह भव्य एवं गरिमामय कार्यक्रम के साथ आयोजित किया गया।
समारोह की शुरुआत डॉ. भूपेन हजारिका के चित्र पर माल्यार्पण एवं श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। कार्यक्रम का संचालन जिला आयुक्त कार्यालय की कर्मचारी जूनुमा कोंच ने किया।
जिला आयुक्त प्रणवजित काकती ने स्वागत भाषण दिया। नॉर्थ लखीमपुर बालिका महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सूरजित भुइयाँ ने निर्दिष्ट वक्ता के रूप में डॉ. भूपेन हजारिका के आदर्शों तथा विभिन्न जाति-जनजातियों से समृद्ध असमिया समाज को एकजुट कर आगे बढ़ाने में उनके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला।
समारोह के दौरान उपस्थित लोगों ने हाथों में हाथ डालकर डॉ. भूपेन हजारिका के कालजयी गीत ‘बिस्तीर्ण पारोरे’ का सामूहिक गायन किया। रंगानदी विधानसभा क्षेत्र के विधायक ऋषिराज हजारिका, उत्तर लखीमपुर नगरपालिका की अध्यक्षा कृष्णाधर सेन तथा समाजसेवी श्यामल शर्मा ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
इस अवसर पर लखीमपुर जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गुनेन्द्र डेका, उत्तर लखीमपुर नगर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष समीरन कोवर, अतिरिक्त जिला आयुक्त, सहायक आयुक्तों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा विभिन्न शिक्षण संस्थानों के शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। समारोह के दौरान डॉ. भूपेन हजारिका के योगदान और उनके विचारों को स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।

