नगांव लोकसभा उपचुनाव की अधिसूचना जारी, नामांकन प्रक्रिया शुरू; प्रशासन ने तेज की तैयारियां
थर्ड आई न्यूज
नगांव से जयप्रकाश सिंह
नगांव लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के उपचुनाव के लिए रिटर्निंग अधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आरण्यक सैकिया ने बुधवार को औपचारिक अधिसूचना जारी कर दी। इसके साथ ही नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया शुरू हो गई। अतिरिक्त आयुक्त पल्लवी गोगोई को नामांकन पत्र प्राप्त करने के लिए सहायक रिटर्निंग अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 16 सितंबर तक सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक नामांकन पत्र दाखिल किए जा सकेंगे। 17 सितंबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 19 सितंबर को दोपहर 3 बजे तक नामांकन वापस लिए जा सकेंगे। मतदान 6 अक्टूबर को तथा मतगणना 9 अक्टूबर को होगी।
इसलिए हो रहा है नगांव में उपचुनाव :
नगांव लोकसभा सीट पर उपचुनाव की आवश्यकता तत्कालीन सांसद प्रद्युत बोरदोलोई के इस्तीफे के कारण पड़ी। बोरदोलोई ने मार्च 2026 में कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थामा और असम विधानसभा चुनाव में भाजपा के टिकट पर दिसपुर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ा। वे दिसपुर से निर्वाचित होकर विधायक बने। इसके बाद उन्होंने नगांव लोकसभा सीट से इस्तीफा दे दिया। लोकसभा अध्यक्ष ने उनका इस्तीफा 20 मार्च 2026 से प्रभावी मानते हुए स्वीकार किया था।
इसके चलते नगांव लोकसभा सीट रिक्त हो गई और अब इस सीट पर नए सांसद के निर्वाचन के लिए उपचुनाव कराया जा रहा है।
नामांकन को लेकर प्रशासन ने जारी किए निर्देश :
जिला प्रशासन के एक अन्य आदेश के अनुसार नामांकन दाखिल करने आने वाले लोगों के लिए जिला आयुक्त कार्यालय के 100 मीटर के दायरे में अधिकतम तीन वाहनों को ही प्रवेश की अनुमति होगी। किसी उम्मीदवार के पक्ष में नामांकन दाखिल करने के लिए अधिकतम पांच व्यक्ति ही जिला निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय में प्रवेश कर सकेंगे।
नामांकन प्रक्रिया को सुचारू एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से 14 से 17 सितंबर तक जिला आयुक्त कार्यालय परिसर में निजी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया है।
उधर, उपचुनाव की तैयारियों के तहत जिला आयुक्त आरण्यक सैकिया की अध्यक्षता में जिला आयुक्त कार्यालय के सभाकक्ष में चुनावी समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक गरिमा को बनाए रखते हुए चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी, समावेशी, शांतिपूर्ण और मतदाता-अनुकूल बनाना प्रशासन की प्राथमिकता है।
उन्होंने सभी प्रशासनिक, पुलिस एवं विभागीय अधिकारियों को आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने तथा चुनाव से संबंधित सभी व्यवस्थाएं समय से पहले पूरी करने के निर्देश दिए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बी. वी. राकेश रेड्डी ने कहा कि उपचुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिले में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा। मतदान केंद्रों की सुरक्षा तथा संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त बल की तैनाती पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
बैठक में राहा सह-जिला आयुक्त डॉ. अंकिता बोरा, अतिरिक्त जिला आयुक्त पल्लवी गोगोई, कमलजीत शर्मा, गोपाल शर्मा, मृदुल बोरो एवं दीपांकर बर्मन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रौजी तालुकदार, निर्वाचन अधिकारी प्रतिशा दत्त, सहायक आयुक्त शेखरण फुकन सहित जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, सीआरपीएफ, चक्र अधिकारियों, खंड विकास अधिकारियों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैनर-पोस्टर और प्रचार सामग्री हटाने का अभियान :
आदर्श आचार संहिता लागू होने के साथ ही नगांव जिले के अंतर्गत आने वाले लोकसभा क्षेत्र के पांच विधानसभा क्षेत्रों में अवैध विज्ञापनों एवं प्रचार सामग्री को हटाने का व्यापक अभियान शुरू किया गया है। इनमें 55 नंबर धिंग, 56 नंबर रूपहीहाट, 58 नंबर सामागुड़ी, 60 नंबर नगांव-बटद्रवा और 61 नंबर राहा (अनुसूचित जाति) विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं।
अभियान के तहत राजनीतिक दलों एवं राजनीतिक व्यक्तियों द्वारा लगाए गए बैनर, पोस्टर, होर्डिंग और झंडों को हटाया जा रहा है। प्रशासन ने चुनाव संबंधी नियमों और दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के लिए अभियान तेज कर दिया है।

