सर्दी से गायों के बचाव के लिए गौशाला को सौंपे 100 तिरपाल, चेतना लेडीज क्लब की पहल, Be10x के सहयोग से 600 बल्ब भी उपलब्ध कराए
थर्ड आई न्यूज़
गुवाहाटी, 9 सितंबर। आगामी सर्दियों में गायों को ठंड से बचाने के उद्देश्य से चेतना लेडीज क्लब ने Be10x के सहयोग से आठगांव स्थित श्री गौहाटी गौशाला को 100 तिरपाल और 600 बल्ब उपलब्ध कराए। इनका उपयोग शीतकाल के दौरान गौशाला में गायों के लिए बेहतर व्यवस्था करने में किया जाएगा।
परियोजना संयोजिका आशा अग्रवाल ने बताया कि क्लब अध्यक्ष रेनू मंगलूनिया के मार्गदर्शन में यह सेवा प्रकल्प चलाया गया। सुनीता सीवोटिया, रेनू मोदी और मीना धानुका ने गौशाला के ट्रस्टी इंचार्ज डॉ. अशोक धानुका, ट्रस्टी प्रदीप भुवालका, कार्यकारिणी समिति के संयुक्त सचिव रमेश चंडाक और विवेक सांगानेरिया की उपस्थिति में तिरपाल एवं बल्ब सौंपे।
डॉ. अशोक धानुका ने इस सहयोग के लिए चेतना लेडीज क्लब तथा Be10x के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सर्दियों में गौशाला की गायों को ठंड से बचाने की व्यवस्था में यह सामग्री उपयोगी साबित होगी।
कोलकाता स्थित एडटेक संस्था Be10x (गोयनका कचावे हाउस ऑफ एडटेक प्राइवेट लिमिटेड) के सह-संस्थापक आदित्य गोयनका और आदित्य कचावे ने बताया कि संस्था सामाजिक सरोकारों से जुड़ी गतिविधियों में भी सहयोग करती रही है। इससे पहले ऊपरी असम में आई बाढ़ से प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष में तीन लाख रुपये का चेक देने के साथ तिरपाल और खाद्य सामग्री भी उपलब्ध कराई गई थी।

