यूनिटी फुटबॉल लीग सीजन-2 की टीम बिडिंग सम्पन्न, पांच टीमें मैदान में, 20 सितंबर से शुरू होगी प्रतियोगिता, खेल के जरिए एकता और भाईचारे को मजबूत करने की पहल

थर्ड आई न्यूज़

गुवाहाटी, 14 सितंबर। मारवाड़ी सम्मेलन, गुवाहाटी शाखा की ओर से आयोजित होने वाली ‘यूनिटी फुटबॉल लीग सीजन-2’ के लिए रविवार को टीम बिडिंग सम्पन्न हुई। शाखा कार्यालय में आयोजित बिडिंग में पांच टीमों के प्रमोटरों ने हिस्सा लिया और खिलाड़ियों के चयन के साथ अपनी-अपनी टीमों का गठन किया। लीग का शुभारंभ 20 सितंबर को होगा।

आयोजकों के अनुसार यूनिटी फुटबॉल लीग में असम के विभिन्न क्षेत्रों के खिलाड़ियों को एक मंच पर लाने का प्रयास किया गया है। प्रतियोगिता का उद्देश्य खेल के माध्यम से युवाओं के बीच आपसी मेलजोल बढ़ाने के साथ एकता, सद्भाव और भाईचारे की भावना को मजबूत करना है। अलग-अलग क्षेत्रों और पृष्ठभूमि के खिलाड़ी एक टीम के रूप में मैदान पर उतरकर स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का संदेश देंगे।

कार्यक्रम संयोजक प्रवीण डागा और रमेश दमानी ने टीम प्रमोटरों को प्रतियोगिता के नियमों एवं अन्य व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी। बिडिंग प्रक्रिया का संचालन मनोज नायब चांडक ने किया। खिलाड़ियों के चयन को लेकर प्रमोटरों के बीच हुई बिडिंग के कारण कार्यक्रम में खासा उत्साह देखने को मिला।

मारवाड़ी सम्मेलन, गुवाहाटी शाखा के अध्यक्ष शंकर बिड़ला ने टीम प्रमोटरों और खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यूनिटी फुटबॉल लीग का मकसद ट्रॉफी जीतने की प्रतिस्पर्धा तक सीमित नहीं है। मैदान पर मुकाबले के बावजूद मैदान के बाहर आपसी सम्मान और भाईचारा कायम रहना चाहिए। खेल भावना, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा ही इस आयोजन की वास्तविक सफलता होगी।

उन्होंने कहा कि लीग के माध्यम से समाज और असमवासियों के बीच आपसी विश्वास, सद्भाव और सहयोग को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने खिलाड़ियों से पूरी खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने का आह्वान किया।

इस अवसर पर शाखा सचिव सूरज सिंघानिया, कोषाध्यक्ष नरेंद्र सोनी, कार्यकारिणी सदस्य राजेश भजनका एवं विनोद कुमार जिंदल के साथ टीम प्रमोटर आशीष कोठारी, दीपक दमानी, धीरज शर्मा, अभिषेक शर्मा और अर्पित माहेश्वरी उपस्थित रहे।

आगामी 20 सितंबर से शुरू होने वाली यूनिटी फुटबॉल लीग को लेकर खिलाड़ियों, टीम प्रमोटरों और युवाओं में उत्साह है। आयोजकों का कहना है कि ‘मैदान पर मुकाबला, दिलों में भाईचारा’ की भावना के साथ प्रतियोगिता खेल और सामाजिक समरसता को एक साथ आगे बढ़ाने का माध्यम बनेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *