माहेश्वरी समाज की जनगणना और नई टेलीफोन डायरेक्टरी का कार्य शुरू, वार्षिक साधारण सभा में सामाजिक एकता और संगठनात्मक मजबूती पर जोर, मनोज सोमानी बने ‘सर्वश्रेष्ठ कार्यकर्ता’

थर्ड आई न्यूज़

गुवाहाटी । माहेश्वरी सभा, गुवाहाटी की नवीन सत्र की प्रथम वार्षिक साधारण सभा रविवार को आसाम माहेश्वरी भवन में अध्यक्ष सीताराम बिहानी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। सभा में सामाजिक एकता और संगठनात्मक विस्तार पर चर्चा के साथ माहेश्वरी समाज की जनगणना एवं नई टेलीफोन डायरेक्टरी तैयार करने के महत्वाकांक्षी प्रकल्प की शुरुआत की गई।

सामूहिक महेश वंदना के साथ सभा का शुभारंभ हुआ। वरिष्ठ सदस्य रमेश कुमार चांडक ने अध्यक्ष सीताराम बिहानी, मंत्री सुरेंद्र लाहोटी, कोषाध्यक्ष रमेश कुमार तापड़िया, महिला समिति अध्यक्ष वंदना बिहानी और युवा संगठन अध्यक्ष नरेन माहेश्वरी को मंचासीन कराया।

अध्यक्षीय संबोधन में सीताराम बिहानी ने कहा कि समाज की वास्तविक शक्ति आपसी प्रेम, आत्मीयता और विश्वास में निहित है। बदलते सामाजिक परिवेश में अपनी संस्कृति, परंपराओं और पारिवारिक मूल्यों को जीवंत बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने आपसी मतभेदों को पीछे छोड़कर प्रेम और भाईचारे के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

बिहानी ने माहेश्वरी सभा और आसाम माहेश्वरी सेवा ट्रस्ट के बीच बढ़ते समन्वय को समाज की एकजुटता के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने जानकारी दी कि ट्रस्ट ने माहेश्वरी सभा एवं उसकी शाखा संस्थाओं के कार्यालय के लिए आसाम माहेश्वरी भवन की चौथी मंजिल पर एक बड़ा कक्ष आवंटित किया है। उन्होंने इसके लिए ट्रस्ट के प्रति आभार व्यक्त किया।

घर-घर जुटाया जाएगा माहेश्वरी परिवारों का विवरण :
सभा का प्रमुख आकर्षण लंबे समय से लंबित समाज की जनगणना और टेलीफोन डायरेक्टरी के पुनर्निर्माण की शुरुआत रही। प्रकल्प के लिए रमेश कुमार चांडक को संयोजक और प्रभात चांडक को सह-संयोजक बनाया गया है। इस अवसर पर प्रकल्प से संबंधित बैनर का विमोचन सीताराम बिहानी और समाज के वयोवृद्ध सदस्य रामस्वरूप लखोटिया ने किया।

सभा ने गुवाहाटी में निवासरत प्रत्येक माहेश्वरी परिवार से जनगणना में सक्रिय सहयोग की अपील की। समाजबंधुओं से जनगणना प्रपत्र में परिवार के सभी सदस्यों का पूरा विवरण भरकर निर्धारित समय में माहेश्वरी भवन स्थित सभा कार्यालय में जमा कराने का आग्रह किया गया है। इसका उद्देश्य समाज का अद्यतन और व्यवस्थित डाटा तैयार करना है। संयोजक रमेश कुमार चांडक और सह-संयोजक प्रभात चांडक ने प्रकल्प की रूपरेखा की जानकारी दी।

बिहानी ने महिला समिति और युवा संगठन की गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि नए सत्र और नई कार्यकारिणियों के साथ समाज में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। त्योहारों और सामाजिक आयोजनों को आपसी संबंध मजबूत करने का माध्यम बताते हुए उन्होंने समाज के लोगों से पुराने मतभेद दूर कर एकजुट होने का आग्रह किया।

मंत्री सुरेंद्र लाहोटी ने पिछली वार्षिक साधारण सभा की कार्यवाही का वाचन किया, जिसे सदन ने पारित किया। उन्होंने वर्षभर की गतिविधियों का प्रतिवेदन भी प्रस्तुत किया। कोषाध्यक्ष रमेश कुमार तापड़िया ने आय-व्यय का लेखा-जोखा रखा। सदस्यों ने विभिन्न सामाजिक और सांगठनिक विषयों पर अपने सुझाव दिए। इन सुझावों पर आगामी कार्यकारिणी बैठक में विचार करने का निर्णय लिया गया।

मनोज सोमानी को ‘सर्वश्रेष्ठ कार्यकर्ता’ सम्मान :
सभा में कार्यकारिणी सदस्य मनोज सोमानी को वर्षभर की सक्रिय सहभागिता, सेवा और सहयोग के लिए अध्यक्षीय पुरस्कार के तहत ‘सर्वश्रेष्ठ कार्यकर्ता’ सम्मान प्रदान किया गया। उन्हें फूलाम गमछा पहनाकर सम्मानित किया गया।

सभा के अंत में अध्यक्ष सीताराम बिहानी ने उपस्थित समाजबंधुओं के प्रति आभार व्यक्त किया। इसके बाद सामूहिक रात्रिभोज हुआ, जिसमें समाज के सदस्यों ने विभिन्न सामाजिक एवं सांगठनिक विषयों पर आपस में विचार-विमर्श किया।

माहेश्वरी सभा, गुवाहाटी के मंत्री सुरेंद्र लाहोटी ने यह जानकारी दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *