SIR को लेकर विपक्ष के आरोप निराधार: दिलीप सैकिया ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का किया बचाव
थर्ड आई न्यूज
नगांव से जयप्रकाश सिंह
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस सहित विभिन्न विपक्षी दलों और संगठनों के विरोध-प्रदर्शनों के बीच प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप सैकिया ने नगांव में पत्रकार सम्मेलन आयोजित कर मुख्य निर्वाचन आयुक्त के पक्ष में भाजपा का रुख सामने रखा।
नगांव जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित पत्रकार सम्मेलन को संबोधित करते हुए सैकिया ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के माध्यम से मतदाता सूची से लाखों मतदाताओं के नाम हटाए जाने को लेकर विपक्ष द्वारा लगाए जा रहे आरोपों को खारिज किया। उन्होंने कहा कि 26 सितंबर को मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार द्वारा पत्रकार सम्मेलन में दिए गए स्पष्टीकरण के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा लगाए गए आरोप निराधार हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि इंडियन एक्सप्रेस में प्रकाशित संबंधित रिपोर्ट भी तथ्यों की कसौटी पर सही नहीं ठहरती।
सैकिया ने कांग्रेस पर बार-बार चुनाव आयोग के खिलाफ आरोप लगाकर जनता को भ्रमित करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के खिलाफ विपक्ष द्वारा लगाए जा रहे आरोपों पर भाजपा को अलग से कुछ कहने की आवश्यकता नहीं है, लेकिन जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा को इन आरोपों से जोड़ा जाता है तो पार्टी को उसका जवाब देना पड़ता है।
राहुल गांधी द्वारा SIR के माध्यम से मतदाता सूची से नाम हटाकर भाजपा को चुनावी लाभ पहुंचाने के आरोप पर सैकिया ने कहा कि इसका कोई स्वीकार्य आधार नहीं है। उन्होंने कांग्रेस शासनकाल के मुख्य निर्वाचन आयुक्त रहे टी.एन. शेषन और एम.एस. गिल का उल्लेख करते हुए कहा कि दोनों बाद में कांग्रेस में शामिल हुए और चुनाव भी लड़े। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या उनके कार्यकाल में चुनाव आयोग कांग्रेस के नियंत्रण में था।
सैकिया ने कहा कि कांग्रेस चुनाव जीतती है तो चुनाव आयोग और ईवीएम पर भरोसा जताती है, जबकि चुनाव हारने के बाद उन्हीं संस्थाओं और ईवीएम पर सवाल उठाती है। उन्होंने विपक्ष पर समय-समय पर अलग-अलग मुद्दों को लेकर “झूठा नैरेटिव” तैयार करने का आरोप लगाया।
उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व वाले ‘इंडिया’ गठबंधन पर संवैधानिक संस्थाओं और न्यायपालिका के प्रति कथित रूप से असम्मानजनक रवैया अपनाने का आरोप भी लगाया। राहुल गांधी पर टिप्पणी करते हुए सैकिया ने कहा कि वे निराशा से गुजर रहे हैं और उनकी सोच भारत के विकास के विपरीत है।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ लगाए जा रहे आरोपों को खारिज करते हुए सैकिया ने कहा, “ज्ञानेश कुमार के कार्यकाल में भाजपा के कब्जे वाली लोकसभा सीटों की संख्या में काफी कमी आई है।”
विपक्ष द्वारा फॉर्म-6 के माध्यम से युवा मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं किए जाने के आरोपों पर भी सैकिया ने विपक्ष पर मिथ्या प्रचार करने का आरोप लगाया और कहा कि इन दावों का कोई आधार नहीं है।
पत्रकार सम्मेलन में असम सरकार के जल संसाधन मंत्री सुशांत बुढ़ागोहाईं, विधायक प्रद्युत बरदोलोई, दिप्लू रंजन शर्मा सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे I

