लखीमपुर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया जिला दिवस

थर्ड आई न्यूज़

बाबू देव पांडे की रिपोर्ट

गांधी जयंती पर कार्यक्रम, विधायक ऋषिराज हजारिका ने ‘शिक्षांगन’ निःशुल्क वेब पोर्टल का किया शुभारंभ

लखीमपुर, 2 अक्टूबर। लखीमपुर जिला प्रशासन के सौजन्य से शुक्रवार को जिला आयुक्त कार्यालय के सभागार में लखीमपुर जिला दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जिला दिवस के साथ ही गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में जिले के इतिहास, सामाजिक-सांस्कृतिक विरासत और विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रंगानदी विधानसभा क्षेत्र के विधायक ऋषिराज हजारिका ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद ‘वंदे मातरम्’ और असम के राज्य गीत ‘ओ मोर अपुनार देश’ का सामूहिक गायन किया गया।

जिला आयुक्त प्रणवजीत काकती ने स्वागत भाषण दिया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता डिब्रूगढ़ विश्वविद्यालय के प्रोफेसर डॉ. अरविंद राजखोवा ने अहोम शासन काल से लेकर ब्रिटिश शासन तक लखीमपुर जिले के आर्थिक, सामाजिक, राजनीतिक एवं सांस्कृतिक परिदृश्य पर सारगर्भित व्याख्यान प्रस्तुत किया।

विधायक ऋषिराज हजारिका ने भी सभा को संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्र-छात्राओं के लिए ‘शिक्षांगन’ नामक निःशुल्क वेब पोर्टल का शुभारंभ किया। पोर्टल का उद्देश्य प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होने वाले विद्यार्थियों को अध्ययन सामग्री एवं उपयोगी संसाधन उपलब्ध कराना है।

समारोह के दौरान जिला आयुक्त कार्यालय के वरिष्ठ सहायक विकास दास को ‘श्रेष्ठ कर्मचारी पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया। वहीं डॉ. कुलेंदु भुइयां ने फिजियोथेरेपी विषय पर अपना वक्तव्य प्रस्तुत किया।

जुनुमा कोच के संचालन में आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गुनेन्द्र डेका, नॉर्थ लखीमपुर विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. बिमान चंद्र चेतिया, लखीमपुर वाणिज्य महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. लोहित हजारिका, उत्तर लखीमपुर नगर पालिका के अध्यक्ष कृष्णा धर सेन, नगर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष समीरण कोंवर, समाजसेवी श्यामल शर्मा, दीपक बरदलै, जिला विकास आयुक्त मनोरंजन पायेंग, अतिरिक्त आयुक्त, सहायक आयुक्त, चक्र अधिकारी, सरकारी पेंशनर संघ, वरिष्ठ नागरिक सम्मिलन के प्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, सेवानिवृत्त कर्मचारी तथा जिले के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

यह जानकारी प्रभारी जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी, लखीमपुर की ओर से जारी की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *