चुनाव कल, नगांव लोकसभा उपचुनाव के लिए 2307 मतदान केंद्रों पर मतदान दल तैनात, आज मतदान केंद्रों के लिए रवाना हुए दल
नगांव से जयप्रकाश सिंह
नगांव लोकसभा क्षेत्र में मंगलवार को होने वाले उपचुनाव के लिए मतदान की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सोमवार को मतदान अधिकारी एवं कर्मचारी अपने-अपने निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना हुए। नगांव और मोरीगांव जिलों में बनाए गए सामग्री वितरण केंद्रों से कुल 2,307 मतदान दल अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना हुए। अधिकांश मतदान दल सोमवार शाम तक संबंधित मतदान केंद्रों पर पहुंच गए।
नगांव जिले में नगांव शहर स्थित उच्चतर माध्यमिक बालक विद्यालय और डॉसन उच्चतर माध्यमिक बहुमुखी विद्यालय से जिले के पांच विधानसभा क्षेत्रों के मतदान दलों को चुनाव सामग्री उपलब्ध कराकर रवाना किया गया। वहीं, मोरीगांव जिले के तीन विधानसभा क्षेत्रों के मतदान दलों को मोरीगांव कॉलेज स्थित सामग्री वितरण केंद्र से रवाना किया गया।
चुनाव प्रक्रिया के लिए करीब 11,535 मतदान अधिकारी एवं कर्मचारी तैनात किए गए हैं। इनके आवागमन के लिए लगभग एक हजार छोटे-बड़े वाहनों की व्यवस्था की गई है। रहा और नगांव-बटद्रवा विधानसभा क्षेत्रों के मतदान दल सोमवार रात अपने-अपने मतदान केंद्रों पर ही रुकेंगे।
335 मतदान केंद्रों का संचालन महिलाएं करेंगी :
इस बार चुनाव में महिला अधिकारियों एवं कर्मचारियों की भागीदारी विशेष रूप से उल्लेखनीय है। नगांव जिले में 258 तथा मोरीगांव जिले में 77 मतदान केंद्र केवल महिला अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा संचालित किए जाएंगे। इस तरह पूरे लोकसभा क्षेत्र में कुल 335 महिला संचालित मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी विकास शर्मा ने बताया कि इन मतदान केंद्रों पर सुरक्षा कर्मियों से लेकर मतदान अधिकारी और पीठासीन अधिकारी तक सभी जिम्मेदारियां महिलाओं को सौंपी गई हैं।
प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक आदर्श मतदान केंद्र:
मतदाताओं की सुविधा और मतदान प्रक्रिया को आकर्षक बनाने के उद्देश्य से प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक-एक आदर्श मतदान केंद्र भी स्थापित किया गया है। इन केंद्रों को विशेष रूप से सजाने के साथ मतदाताओं के लिए अतिरिक्त सुविधाओं की व्यवस्था की गई है।
नगांव जिले में धिंग विधानसभा क्षेत्र के धिंग सरकारी बॉयज हायर सेकेंडरी स्कूल (दक्षिण शाखा), रूपहीहाट के जुरिया हाई स्कूल, सामागुड़ी के रूपही हाई स्कूल (पश्चिम शाखा), नगांव-बटद्रवा विधानसभा क्षेत्र के किरणवाला गोस्वामी गर्ल्स हाई स्कूल (पूर्व शाखा) तथा रहा विधानसभा क्षेत्र के रहा गर्ल्स हाई स्कूल (पूर्व शाखा) को आदर्श मतदान केंद्र के रूप में विकसित किया गया है।
रिटर्निंग अधिकारी एवं नगांव जिले के आयुक्त अरण्यक सैकिया ने नगांव के दोनों सामग्री वितरण केंद्रों का लगातार निरीक्षण किया। उन्होंने मतदान दलों के लिए उपलब्ध वाहनों, चुनाव सामग्री तथा अन्य व्यवस्थाओं की बारीकी से निगरानी की। उन्होंने मतदाताओं से मंगलवार को शांतिपूर्ण ढंग से अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की।
संवेदनशील केंद्रों पर अतिरिक्त सुरक्षा :
मंगलवार सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक होने वाले मतदान को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। प्रत्येक मतदान दल के साथ एक सुरक्षा कर्मी तैनात किया गया है।
इसके अलावा 624 संवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस एवं अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है। मतदान से एक दिन पहले सोमवार शाम को भी जिले के विभिन्न स्थानों पर बड़ी संख्या में पुलिस बल ने फ्लैग मार्च किया।
प्रशासन ने मतदाताओं से निर्भीक होकर मतदान केंद्रों पर पहुंचने और अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की है।

