अग्रवाल समाज ने उत्साहपूर्वक मनाई महाराजा अग्रसेन की 5150वीं जयंती

थर्ड आई न्यूज

सांगानेरिया धर्मशाला में अग्र वंदना, भजन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की धूम, अग्रवाल समाज के इतिहास लेखन के लिए प्रमोद तिवाड़ी सम्मानित

गुवाहाटी, 11 अक्टूबर। समस्त अग्रवाल समाज के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को महाराजा अग्रसेन की 5150वीं जयंती श्रद्धा, उत्साह और उल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर फैंसी बाजार स्थित सांगानेरिया धर्मशाला में आयोजित समारोह में बड़ी संख्या में समाजबंधुओं ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम का आयोजन अग्रवाल सभा, गुवाहाटी, महाराजा अग्रसेन चैरिटेबल ट्रस्ट, महाराजा अग्रसेन शिक्षा कोष, अग्रवाल युवा परिषद तथा अखिल भारतीय अग्रवाल महिला सम्मेलन की गुवाहाटी शाखा के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।

समारोह के लिए भगवान गणेश, महाराजा अग्रसेन और माता लक्ष्मी के चित्रों से सुसज्जित भव्य दरबार सजाया गया। चित्रों के समक्ष ज्योत प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर अग्रवाल सभा के चेयरमैन दीनदयाल सिवोटिया, अग्रवाल सभा गुवाहाटी के अध्यक्ष पवन जाजोदिया, महाराजा अग्रसेन चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष मनोज जालान, महाराजा अग्रसेन शिक्षा कोष के अध्यक्ष विजय अग्रवाल, अग्रवाल युवा परिषद के अध्यक्ष रंजन अग्रवाल तथा अखिल भारतीय अग्रवाल महिला सम्मेलन की गुवाहाटी शाखा की अध्यक्ष स्वाति अग्रवाल सहित समाज के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत मिताली भीलवाड़िया की नृत्य प्रस्तुति से हुई। उन्होंने गणेश वंदना और मां दुर्गा को समर्पित भजनों पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किया। इसके बाद माधुरी सरावगी के नेतृत्व में संगीतमय अग्र वंदना हुई, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं और पुरुषों ने सामूहिक रूप से हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान संगीता अग्रवाल और अशोक अग्रवाल ने भी भजनों की प्रस्तुति देकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

समारोह का एक विशेष आकर्षण अग्रवाल समाज के इतिहास पर लेखन के लिए प्रमोद तिवाड़ी का सम्मान रहा। समाज के इतिहास, परंपराओं और योगदान को लेखन के माध्यम से सामने लाने के उनके प्रयासों के लिए उन्हें सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विभिन्न अग्रवाल संस्थाओं के अध्यक्षों ने समाजबंधुओं को अग्रसेन जयंती की शुभकामनाएं देते हुए महाराजा अग्रसेन के आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

अग्रवाल सभा के जनसंपर्क संयोजक विवेक सांगानेरिया ने बताया कि जयंती के उपलक्ष्य में चल रहे चार दिवसीय अन्न सेवा अभियान के तीसरे दिन रविवार को फैंसी बाजार और आठगांव में सैकड़ों जरूरतमंदों के बीच सात्विक भोजन वितरित किया गया। उन्होंने कहा कि इस अभियान के माध्यम से महाराजा अग्रसेन के सेवा और परोपकार के संदेश को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि आगामी 25 अक्टूबर को जनसेवा संयोजक प्रदीप भुवालका की देखरेख में आठगांव स्थित मारवाड़ी हॉस्पिटल में रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। इसी दिन शाम को होटल विश्वरत्न में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं सम्मान समारोह का आयोजन होगा। इसकी तैयारियां कार्यक्रम संयोजक सुजीत बुखरेडिया और पूनम अग्रवाल की देखरेख में की जा रही हैं।

समारोह के सफल आयोजन में मुख्य संयोजक सुजीत बुखरेडिया, अन्न सेवा एवं रक्तदान शिविर के संयोजक प्रदीप भुवालका, अग्र वंदना की संयोजिका सरोज जालान तथा आयोजन संयोजिका स्वाति अग्रवाल सहित विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारियों और सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई।

कार्यक्रम का संचालन अग्रवाल युवा परिषद के सचिव शेखर जाजोदिया तथा अखिल भारतीय अग्रवाल महिला सम्मेलन की गुवाहाटी शाखा की सचिव प्रियंका केडिया ने किया। अग्रवाल सभा के सचिव रतन कुमार अग्रवाल ने धन्यवाद ज्ञापित किया। महाराजा अग्रसेन चैरिटेबल ट्रस्ट के सचिव सुनील अग्रवाल ने बताया कि समारोह का समापन महाआरती एवं प्रसाद वितरण के साथ हुआ। महाराजा अग्रसेन शिक्षा कोष के सचिव जितेंद्र अग्रवाल ने भी आयोजन में सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *