मैंने इस तरह की बैटिंग जीवन में नहीं देखी., अभिषेक- वैभव के प्रदर्शन से अय्यर हैरान, कहा- मैं सोच रहा था…

थर्ड आई न्यूज

वेलिंग्टन I न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच में अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी ने जिस तरीके की बल्लेबाजी की उसे देखते हुए कप्तान श्रेयस अय्यर हैरान हो गए। उन्होंने मैच समाप्त होने के बाद कहा कि इस तरह की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी मैंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने जीवन में कभी नहीं देखी। अय्यर ने पांच ओवरों में 100 रन बना देने को काफी हैरानी भरा बताया और अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यंवशी की तारीफ की। वैभव सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा के बीच पहले विकेट के लिए सिर्फ 43 गेंदों में 133 रनों की साझेदारी हुई। वैभव सूर्यवंशी ने इस मैच में 19 गेंदों में चार चौकों और चार छक्कों की मदद से 45 रन बनाए। उन्होंने 236.84 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की, वहीं अभिषेक शर्मा उनसे भी खतरनाक निकले। सिर्फ 15 गेंदों में अर्धशतक जड़ने के बाद अभिषेक शर्मा ने 35 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। उन्होंने 38 गेंदों का सामना करते हुए 113 रन 297 से अधिक की स्ट्राइक रेट से 9 चौके और 11 छक्कों की मदद से बनाए। इन दोनों की तूफानी पारी से न्यूजीलैंड की टीम बैकफुट पर चली गई, क्योंकि टीम ने 7.1 ओवर में ही 133 रन बना लिए। 199 रनों के लक्ष्य को भारतीय टीम ने सिर्फ 13.2 ओवर में हासिल कर लिया। मुकाबले में संजू सैमसन ने 13 गेंदों में 18 रन बनाए, जबकि खुद कप्तान श्रेयस अय्यर ने 10 गेंदों में 5 रन बनाए I

पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन में बोलने आए श्रेयस अय्यर से आज के मैच में वैभव और अभिषेक के प्रदर्शन के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा- “बिल्कुल शानदार। जिस तरह से उन्होंने शॉट्स खेले, वह आंखों को सुकून देने वाले थे। जब संजू और मैं बैटिंग करने गए तो बॉल सीम कर रही थी। ऐसी परिस्थिति में मैं सोच रहा था कि वैभव और अभिषेक ने इसे कैसे मैनेज किया। कैसे इतने लंबे- लंबे छक्के और विकेट के चारों तरफ चौके लगाए। यह सब मेरे लिए आश्चर्यजनक था।” उनसे आगे पूछा गया कि क्या आप इस बैटिंग परफॉर्मेंस को लिस्ट में सबसे ऊपर रखना चाहेंगे, तब उन्होंने कहा- “सच कहूं तो 5 ओवर में 100 रन बनाना, मैंने इंटरनेशनल लेवल पर ऐसा कभी नहीं देखा। निश्चित रूप से यह बैटिंग प्रदर्शन सबसे ऊपर है।” खिलाड़ियों को अपने हिसाब से खेलने देना कितना जरूरी है? इस सवाल का जवाब देते हुए अय्यर ने कहा- “मुझे लगता है कि यह जरूरी है, खासकर विदेश में। आप जानते हैं कि कंडीशन अलग होंगी और आपको बहुत सारी अलग-अलग डिलीवरी से चैलेंज मिलेगा। ऐसी परिस्थितियों में इस तरह का प्रदर्शन करना अद्भुत है। जिस तरह का प्रदर्शन आज इन खिलाड़ियों ने किया वह बहुत बढ़िया था, क्रेडिट देना बनता है।”

भारत ने 12 साल पुराना कौन सा रिकॉर्ड तोड़ा?
भारत ने 40 गेंद शेष रहते लक्ष्य हासिल कर लिया। यह किसी पूर्ण सदस्य देश द्वारा टी20 अंतरराष्ट्रीय में 190 या उससे ज्यादा रन के सफल चेज में सबसे तेज चेज है। इससे पहले भी किसी पूर्ण सदस्य द्वारा 190+ रन के सबसे तेज सफल चेज का रिकॉर्ड भारत के नाम था। उसने इसी साल रायपुर में न्यूजीलैंड के खिलाफ 209 रन चेज करते हुए 28 गेंद शेष रहते मैच जीता था।

वहीं, ओवरऑल देशों को मिलाकर यह दूसरा सबसे तेज चेज है। इस लिस्ट में पहले नंबर पर एस्टोनिया है। उसने 2024 में साइप्रस के खिलाफ 42 गेंद शेष रहते मैच जीता था। वहीं, तीसरे नंबर पर नीदरलैंड्स है। उसने 2014 में आयरलैंड के खिलाफ 37 गेंद शेष रहते मैच जीता था। भारत ने नीदरलैंड्स का 12 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा और दूसरे स्थान पर जगह बनाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *