अष्टलक्ष्मी परशुराम फ़ाउंडेशन, गुवाहाटी को मिला नया नेतृत्व: राजकुमार तिवाड़ी अध्यक्ष नियुक्त
थर्ड आई न्यूज़
गुवाहाटी। अष्टलक्ष्मी परशुराम फ़ाउंडेशन, गुवाहाटी शाखा के नव-निर्वाचित पदाधिकारियों की घोषणा के साथ ही संगठन को नया नेतृत्व मिल गया है। वरिष्ठ पत्रकार एवं समाजसेवी राजकुमार तिवाड़ी को संस्था का अध्यक्ष मनोनीत किया गया है, जबकि रमेश शर्मा को कार्यकारी अध्यक्ष, सुरेंद्र शर्मा को महामंत्री तथा अमित माटोलिया को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
राजकुमार तिवाड़ी लंबे समय से पत्रकारिता और सामाजिक सरोकारों से जुड़े रहे हैं। वे न केवल एक अनुभवी पत्रकार हैं, बल्कि समाज सेवा के क्षेत्र में भी उनकी सक्रिय भागीदारी रही है। राजनीतिक दृष्टि से संवेदनशील तिवाड़ी राष्ट्रहित से जुड़े मुद्दों पर निरंतर कार्य करते रहे हैं। उनकी पहचान एक मौन समाजसेवक और कुशल प्रबंधक के रूप में है, जो हर वर्ग के लोगों के लिए सहज रूप से उपलब्ध रहते हैं।
उनकी नियुक्ति के बाद सामाजिक एवं विभिन्न संगठनों में हर्ष का माहौल है और बधाइयों का सिलसिला लगातार जारी है। लोगों का मानना है कि तिवाड़ी के कुशल नेतृत्व में अष्टलक्ष्मी परशुराम फ़ाउंडेशन नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा और समाज सेवा के क्षेत्र में और अधिक प्रभावी भूमिका निभाएगा।
संस्था की नई टीम में शामिल अन्य पदाधिकारी भी अपने-अपने क्षेत्र में सक्रिय और अनुभवी माने जाते हैं, जिससे संगठन को मजबूत दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। फ़ाउंडेशन ने नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया है कि उनके नेतृत्व में संस्था समाज सेवा के नए आयाम स्थापित करेगी।

