गुवाहाटी में कला, संस्कृति और मातृत्व का भावपूर्ण संगम, ‘इवेंट्स इनफिनिटी’ का आयोजन बना यादगार
थर्ड आई न्यूज
गुवाहाटी, 11 मई 2026: शहर में रविवार शाम कला, संस्कृति और मातृत्व की भावनाओं से सजी एक विशेष संध्या का आयोजन किया गया। इवेंट्स इनफिनिटी द्वारा भांगागढ़ स्थित नीलगिरि मेंशन में आयोजित कार्यक्रम “जहाँ ममता की छाँव हो और गुरुदेव की वाणी” ने विश्वकवि रवींद्रनाथ टैगोर की कालजयी रचनाओं और मां के निस्वार्थ प्रेम को एक मंच पर प्रस्तुत कर दर्शकों को भावविभोर कर दिया।
कार्यक्रम का संयोजन अवकाश जैन जम्मड़ और निशांत बगड़िया ने किया। संस्था के संस्थापक अवकाश जैन जम्मड़ ने कहा कि यह आयोजन केवल सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि कला और मानवीय संवेदनाओं को जीवंत करने का प्रयास है। इस वर्ष रवींद्र जयंती और मदर्स डे एक ही दिन होने के कारण आयोजन को विशेष रूप से यादगार बनाने की योजना बनाई गई थी।
कार्यक्रम का शुभारंभ सुर सप्तक संगीतालय के प्रभारी बिकाश भोवाल, भाजपा महिला मोर्चा की मौचुमी बोरा चौधरी, गायक मनीष जैन (काला) तथा एक्टर शरीफुल हक द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर बिकाश भोवाल ने कहा कि गुरुदेव की वाणी और मां की ममता को एक मंच पर प्रस्तुत करना अत्यंत सराहनीय पहल है।
समारोह में काश्वी रॉय, अद्रिजा दत्ता और प्रखर जैन द्वारा प्रस्तुत रवींद्र संगीत की मनमोहक प्रस्तुतियों ने वातावरण को भावुक और यादगार बना दिया। मातृत्व पर आधारित टैगोर की विशेष रचनाओं ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके साथ ही बंगाली संस्कृति और आधुनिक भावनाओं के समन्वय को दर्शाती नृत्य-नाटिका तथा काव्य पाठ ने भी खूब सराहना बटोरी।
इस अवसर पर जुबिन गर्ग और सुर सप्तक संगीतालय की संस्थापक बिदुशी डालिया दत्ता भोवाल को भी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। वहीं डिम्पी देबनाथ द्वारा कार्यक्रम के दौरान बनाई गई रवींद्रनाथ टैगोर की लाइव ड्राइंग मुख्य अतिथि को स्मृति स्वरूप भेंट की गई।
अपनी सृजनात्मक प्रस्तुति और उत्कृष्ट आयोजन शैली के माध्यम से इवेंट्स इनफिनिटी ने एक बार फिर शहरवासियों का दिल जीत लिया।

