विश्व रक्तदाता दिवस पर नगांव में विशाल रक्तदान शिविर आयोजित, 30 यूनिट रक्त संग्रहित
थर्ड आई न्यूज
नगांव से जयप्रकाश सिंह
विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर मारवाड़ी सम्मेलन, नगांव शाखा एवं मारवाड़ी युवा मंच, नगांव शाखा के संयुक्त तत्वावधान में ब्लड सेंटर, बी.पी. सिविल हॉस्पिटल, नगांव के सहयोग से हैबरगांव स्थित श्री हनुमान जन्मोत्सव समिति भवन में एक विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में लगभग 30 रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर मानव सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व का प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मारवाड़ी सम्मेलन, नगांव शाखा के अध्यक्ष प्रमोद कोठारी ने की। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में नगांव-बटद्रवा विधानसभा क्षेत्र के विधायक रूपक शर्मा उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में जिला आयुक्त देबाशीष शर्मा, बी.पी. सिविल हॉस्पिटल के संयुक्त निदेशक डॉ. जे. अहमद, ब्लड सेंटर के प्रभारी डॉ. दिलीप शर्मा, डॉ. बिनी बोरा, एनसीसी के सूबेदार केबांग, रिंकू दत्ता तथा मारवाड़ी युवा मंच के गौतम मूंदड़ा शामिल थे। सभी अतिथियों का पारंपरिक गमछा एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय गीत एवं जातीय संगीत के साथ हुआ। इसके उपरांत रक्त समूह प्रणाली (एबीओ ब्लड ग्रुपिंग) के खोजकर्ता डॉ. कार्ल लैंडस्टीनर के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत की गई।
स्वागत भाषण में अध्यक्ष प्रमोद कोठारी ने सभी अतिथियों का अभिनंदन करते हुए मारवाड़ी समाज द्वारा संचालित विभिन्न सामाजिक एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों की जानकारी दी।
अपने संबोधन में विधायक रूपक शर्मा एवं जिला आयुक्त देबाशीष शर्मा ने मारवाड़ी सम्मेलन एवं मारवाड़ी युवा मंच द्वारा समाजहित में किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना की। उन्होंने रक्तदान को मानवता की सर्वोच्च सेवा बताते हुए अधिक से अधिक लोगों से इस पुनीत अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।
इस अवसर पर गत वर्ष सर्वाधिक रक्तदान करने वाली संस्थाओं को भी सम्मानित किया गया। एनसीसी को लगभग 190 यूनिट रक्तदान के लिए प्रथम पुरस्कार प्रदान किया गया। भारतीय जनता युवा मोर्चा को 110 यूनिट रक्तदान के लिए द्वितीय तथा तेरापंथ युवक परिषद, नगांव को 90 यूनिट रक्तदान के लिए तृतीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के संयोजक झूमरमल दुगड़ एवं बसंत गगड़ थे। शिविर के सफल संचालन एवं व्यवस्थाओं में मारवाड़ी सम्मेलन के सचिव विजयराज किल्ला तथा मारवाड़ी युवा मंच के सचिव पंकज गाड़ोदिया का उल्लेखनीय योगदान रहा।
कार्यक्रम में पूर्वोत्तर प्रदेशीय मारवाड़ी सम्मेलन के प्रांतीय उपाध्यक्ष मंडल-डी के मारवाड़ी युवा मंच, नगांव शाखा के सलाहकार संजय गाड़ोदिया सहित समाज के अनेक गणमान्य व्यक्तियों, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों एवं युवाओं ने उपस्थित होकर रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया।
मारवाड़ी सम्मेलन के संयुक्त सचिव अरुण नागरका ने बताया कि भविष्य में भी समाजहित एवं मानव सेवा से जुड़े ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन निरंतर किया जाता रहेगा। बी.पी. सिविल हॉस्पिटल के संयुक्त निदेशक डॉ. जे. अहमद, ब्लड सेंटर के प्रभारी डॉ. दिलीप शर्मा, डॉ. बिनी बोरा, एनसीसी के सूबेदार केबांग, रिंकू दत्ता तथा मारवाड़ी युवा मंच के गौतम मूंदड़ा शामिल थे। सभी अतिथियों का पारंपरिक गमछा एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया गया।

