मरम्मत कार्य के लिए आठगांव ओवरब्रिज 29 जून तक रहेगा बंद, ट्रैफिक पुलिस ने जारी किया रूट डायवर्जन

थर्ड आई न्यूज

गुवाहाटी, 25 जून। गुवाहाटी यातायात पुलिस ने आठगांव ओवरब्रिज के मरम्मत एवं पुनर्स्थापन कार्य के मद्देनजर 27 जून की रात से 29 जून की सुबह तक यातायात व्यवस्था में व्यापक बदलाव की घोषणा की है। इस संबंध में पुलिस उपायुक्त (यातायात), गुवाहाटी द्वारा एक प्रेस एडवाइजरी जारी की गई है।

जारी निर्देश के अनुसार लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूआरडी) द्वारा आठगांव ओवरब्रिज के एप्रोच मार्गों की मरम्मत और पुनर्स्थापन का कार्य 27 जून 2026 की रात 11 बजे से 29 जून 2026 की सुबह 6 बजे तक किया जाएगा। इस दौरान आठगांव ओवरब्रिज तथा इसके दोनों ओर के एप्रोच एवं सर्विस रोड को सभी प्रकार के वाहनों और पैदल यात्रियों के लिए पूरी तरह बंद रखा जाएगा।

यातायात पुलिस ने वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था करते हुए बताया कि—

केसी चौधरी रोड (छत्रीबाड़ी) से भरालुमुख की ओर जाने वाले वाहन हिमतसिंका पेट्रोल पंप से एटी रोड होते हुए पलटन बाजार की ओर डायवर्ट किए जाएंगे।

पलटन बाजार से एटी रोड के रास्ते आने वाले वाहन विशाल प्वाइंट से पानबाजार ओवरब्रिज एवं मोतीलाल नेहरू रोड होते हुए एमजी रोड की ओर भेजे जाएंगे।

भूतनाथ क्षेत्र से एमजी रोड अथवा एटी रोड की ओर जाने वाले वाहन मछखोवा प्वाइंट से एमजी रोड, बीआरपी रोड तथा दिनेश गोस्वामी फ्लाईओवर के रास्ते डायवर्ट किए जाएंगे।

रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया एवं पलटन बाजार रेलवे स्टेशन (दक्षिणी भाग) से भरालुमुख की ओर जाने वाले वाहन विशाल प्वाइंट से पानबाजार ओवरब्रिज (उत्तरी भाग) तथा मोतीलाल नेहरू रोड के माध्यम से एमजी रोड की ओर मोड़े जाएंगे।

यातायात पुलिस ने चेतावनी दी है कि आठगांव ओवरब्रिज बंद रहने के कारण आसपास के मार्गों पर यातायात का दबाव बढ़ सकता है और जाम की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। इसलिए आम नागरिकों और यात्रियों से अपील की गई है कि वे इस अवधि के दौरान यथासंभव इस मार्ग का उपयोग करने से बचें तथा वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें।

पुलिस ने कहा है कि यह व्यवस्था कार्य पूर्ण होने तक प्रभावी रहेगी और लोगों से यातायात नियमों का पालन करते हुए सहयोग करने का अनुरोध किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *