आठगांव गौशाला में डमरू उत्सव का भव्य आयोजन, वाराणसी से आए 30 सदस्यीय दल ने दी अद्भुत प्रस्तुति

थर्ड आई न्यूज़

गुवाहाटी, 28 जून: आठगांव स्थित श्री गौहाटी गौशाला में रविवार की शाम आयोजित डमरू उत्सव श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्भुत संगम बन गया। वाराणसी से पधारे प्रख्यात श्री काशी विश्वनाथ डमरू दल के लगभग 30 कलाकारों ने भगवान शिव की आराधना में डमरुओं की गूंज से ऐसा मनमोहक वातावरण निर्मित किया कि पूरा गौशाला परिसर ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंज उठा। गौशाला की पावन भूमि में शिव मंदिर एवं राधा कृष्ण मंदिर के सामने डमरू उत्सव को देखने के लिए बड़ी संख्या में भक्तों का हुजूम उमड़ पड़ा। कार्यक्रम के शुभारंभ में गौशाला प्रांगण स्थित भगवान गणेश, हनुमान मंदिर, शिव मंदिर एवं राधा कृष्ण मंदिर में डमरू से आराधना की गई। डमरू उत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, गौभक्तों के अलावा महिलाएं, बच्चे एवं वृद्ध लोगों ने इस आयोजन का भरपूर आनंद उठाया। कलाकारों ने पारंपरिक शैली में डमरू वादन की आकर्षक एवं रोमांचकारी प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया। भगवान शिव को समर्पित इस विशेष आयोजन ने उपस्थित श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक आनंद से सराबोर कर दिया।

कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने कलाकारों का तालियों की गड़गड़ाहट से जोरदार स्वागत किया तथा आयोजन की भव्यता की मुक्त कंठ से सराहना की। गौशाला परिसर में भक्ति, संस्कृति और सनातन परंपरा का अनूठा संगम देखने को मिला। आयोजकों ने बताया कि इस प्रकार के धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों का उद्देश्य भारतीय सनातन संस्कृति, आध्यात्मिक परंपराओं एवं गौसेवा के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाना तथा नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना है।

कार्यक्रम का समापन ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष के साथ हुआ। श्रद्धालुओं ने भविष्य में भी ऐसे आयोजनों के निरंतर आयोजन की कामना व्यक्त की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *