होजाई में सात दिवसीय गीत, नृत्य एवं चित्रकला कार्यशाला शुरू, 70 छात्र-छात्राएं ले रहे प्रशिक्षण

थर्ड आई न्यूज

होजाई से रमेश मुंदड़ा

संस्कार भारती (होजाई जिला समिति) के तत्वावधान तथा गीताश्रम न्यास के सहयोग से धलपुरपुखुरी स्थित पदुम पुखुरी उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में सात दिवसीय गीत, नृत्य एवं चित्रकला कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। 4 जुलाई से शुरू हुई यह कार्यशाला 10 जुलाई तक चलेगी।

उद्घाटन समारोह में संस्कार भारती के जिला सलाहकार रामचंद्र गोस्वामी, जिला उपाध्यक्ष उपेंद्र सिंह, जिला सचिव अंगनज्योति हजारिका, सह-सचिव जयंत सैकिया, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के नगांव विभाग के बौद्धिक प्रमुख पुष्प बोरा, दलुपुखुरी शाखा साहित्य सभा के अध्यक्ष रूपेश्वर दास एवं सचिव कुंजमणि सिंह उपस्थित रहे। गीताश्रम न्यास की ओर से सचिव यादव भंडारी तथा कोषाध्यक्ष अशोक केजरीवाल ने भी कार्यक्रम में भाग लिया। इस अवसर पर रामचंद्र गोस्वामी और यादव भंडारी ने विद्यार्थियों को प्रेरणादायी संबोधन दिया।

कार्यशाला में वृहत्तर धलपुरपुखुरी क्षेत्र के आठ विद्यालयों के लगभग 70 छात्र-छात्राएं भाग ले रहे हैं। प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के साथ ज्योति संगीत, राभा संगीत, भूपेंद्र संगीत और रवीन्द्र संगीत का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। संगीत का प्रशिक्षण प्रसिद्ध कलाकार त्रैलोक्य डेका और मित्रा चंद दे रहे हैं। वहीं रचनात्मक नृत्य का प्रशिक्षण बकुल बोरा तथा चित्रकला की बारीकियां प्रसिद्ध चित्रकार कनक पंडित सिखा रहे हैं।

कार्यशाला के चौथे दिन प्रशिक्षण का अवलोकन करने के लिए संस्कार भारती (अखिल भारतीय) के केंद्रीय सचिव अशोक तिवारी, उत्तर प्रांत के संगठन मंत्री नीलमणि बरुआ, प्रांत लोककला संयोजक नीलकंठ रंहांग तथा कलाकार प्रतिभा तेलांगपी विशेष रूप से पहुंचे।

इस अवसर पर अशोक तिवारी ने कहा कि किसी भी कार्यशाला की सफलता प्रतिभागियों की एकाग्रता, अनुशासन और सीखने की लगन पर निर्भर करती है। उन्होंने विद्यार्थियों को ‘पंचतत्व’ और मानव जीवन के उद्देश्य पर भी प्रेरणादायी विचारों से अवगत कराया।

कार्यक्रम के दौरान संस्कार भारती, उत्तर असम प्रांत की ओर से सभी प्रशिक्षकों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।

संस्कार भारती, होजाई जिला के सचिव अंगनज्योति हजारिका ने बताया कि कार्यशाला का समापन 10 जुलाई को एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ होगा। इस अवसर पर सभी प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को प्रमाणपत्र भी प्रदान किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *