लायंस उमंग ने उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सदस्यों का किया सम्मान, ‘जेम्स ऑफ उमंग’ समारोह में विभिन्न श्रेणियों में दिए गए सम्मान, स्वाति चौधरी बनीं ‘लायन ऑफ द ईयर’

थर्ड आई न्यूज़

गुवाहाटी, 9 जुलाई। महिलाओं की अग्रणी सामाजिक संस्था लायंस क्लब ऑफ गुवाहाटी उमंग ने लायनिस्टिक वर्ष 2025–26 की उपलब्धियों तथा सदस्यों की उत्कृष्ट सेवाओं को सम्मानित करने के लिए ‘जेम्स ऑफ उमंग’ पुरस्कार समारोह का आयोजन किया। समारोह में वर्षभर क्लब की गतिविधियों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली सदस्याओं एवं सहयोगियों को विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर एल.एन. अग्रवाल, बी.एस. राठौर, सीमा गोयनका तथा निवर्तमान डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पंकज पोद्दार की गरिमामयी उपस्थिति एवं प्रेरक संबोधनों के साथ हुआ। क्लब की जनसंपर्क अधिकारी पायल चड्ढा ने बताया कि इस अवसर पर रतन गोयनका एवं प्रताप कोचर भी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

क्लब की अध्यक्ष बिमला कोचर ने वर्षभर उत्कृष्ट सेवा देने वाले सदस्यों को विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया। ‘सेवा सहयोग सम्मान’ से अनीता गुप्ता, कंचन बेताला, नमिता अग्रवाल, सरोज जालान, सिंपल बजाज एवं संतोष बांका को सम्मानित किया गया।

‘लीगेसी ऑफ लीडरशिप अवॉर्ड’ क्लब की पूर्व अध्यक्षों सुनीता पारीक, सरिता गरोड़िया, सीमा सोनी, कंचन पोद्दार तथा पायल चड्ढा को उनके उत्कृष्ट नेतृत्व एवं क्लब के विकास में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया।

युग चमड़िया को उनकी सक्रिय भागीदारी और समर्पित सेवाओं के लिए ‘लियो शाइनिंग स्टार अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया। वहीं रितु बांका को ‘प्रेरणा ज्योति सम्मान’ तथा प्रताप कोचर को क्लब के प्रति निरंतर सहयोग के लिए ‘सहयोग सारथी सम्मान’ प्रदान किया गया।

क्लब की मार्गदर्शक सीमा गोयनका को प्रेरणादायी नेतृत्व और सतत मार्गदर्शन के लिए ‘शक्ति प्रेरणा सम्मान’ से सम्मानित किया गया। वहीं क्लब की सचिव स्वाति चौधरी और कोषाध्यक्ष रेणु अग्रवाल को उनकी निष्ठा, समर्पण और उत्कृष्ट कार्यशैली के लिए संयुक्त रूप से ‘शक्ति स्तंभ सम्मान’ प्रदान किया गया।

समारोह का सबसे प्रतिष्ठित सम्मान ‘लायन ऑफ द ईयर – उमंग रत्न’ स्वाति चौधरी को वर्षभर की उनकी असाधारण मेहनत, समर्पण और उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रदान किया गया।

कार्यक्रम के समापन पर टीम उमंग ने क्लब की अध्यक्ष बिमला कोचर को उनके दूरदर्शी नेतृत्व, उत्कृष्ट कार्यशैली और सफल कार्यकाल के लिए ‘सेवा शिरोमणि सम्मान’ से सम्मानित किया। सदस्याओं ने कहा कि उनके नेतृत्व, विनम्रता और सेवा भावना ने लायनिस्टिक वर्ष 2025–26 को क्लब के इतिहास के सबसे सक्रिय और सफल वर्षों में शामिल कर दिया।

अंत में अध्यक्ष बिमला कोचर, सचिव स्वाति चौधरी एवं कोषाध्यक्ष रेणु अग्रवाल ने वर्षभर क्लब की गतिविधियों को सफल बनाने में सहयोग देने वाली सभी सदस्याओं, पदाधिकारियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी सेवा, समर्पण और सामाजिक उत्तरदायित्व की इसी भावना के साथ कार्य करने का संकल्प दोहराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *