ध्यान फाउंडेशन गौशाला में 5,000 वर्ग फुट के चारा भंडार का लोकार्पण, गौसेवा के लिए लगभग ₹3 लाख सहयोग का आश्वासन
थर्ड आई न्यूज़
गुवाहाटी, 12 जुलाई। ध्यान फाउंडेशन गौशाला, ददरा (हाजो रोड) में रविवार को नवनिर्मित 5,000 वर्ग फुट के विशाल चारा भंडार (फोडर स्टोर) का लोकार्पण एक गरिमामय समारोह में किया गया।
इस चारा भंडार का निर्माण समाजसेवी रमेश चौधरी द्वारा कराया गया, जिसका विधिवत उद्घाटन उनके करकमलों से हुआ। समारोह में सिग्नेचर एस्टेट अपार्टमेंट, उलूबाड़ी के बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक, ध्यान फाउंडेशन के स्वयंसेवक तथा गौशाला प्रबंधन समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में प्रबंधन समिति के सचिव अजय पोद्दार, स्वयंसेविका गायत्री कपूर, कोर कमेटी सदस्य सुरेश अग्रवाल, रंजना भजनका, किशन हलालका सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं गौसेवक उपस्थित थे।
कार्यक्रम का शुभारंभ फीता काटकर तथा शिलापट्ट का अनावरण कर किया गया। इसके उपरांत नवनिर्मित चारा भंडार को औपचारिक रूप से ध्यान फाउंडेशन गौशाला को समर्पित किया गया।
ध्यान फाउंडेशन की ओर से रमेश चौधरी को उनकी उत्कृष्ट गौसेवा एवं योगदान के लिए पारंपरिक असमिया गामोचा, जापी तथा गौमाता का स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही सिग्नेचर एस्टेट अपार्टमेंट से पधारे सभी वरिष्ठ नागरिकों का भी पारंपरिक असमिया गामोचा पहनाकर अभिनंदन किया गया।
अपने संबोधन में अजय पोद्दार ने कहा कि रमेश चौधरी लंबे समय से गौशाला के नियमित सहयोगी एवं दानदाता रहे हैं। उन्होंने अल्प समय में 5,000 वर्ग फुट का विशाल चारा भंडार बनवाने के साथ-साथ गौवंश के लिए बड़ी मात्रा में भूसे की भी व्यवस्था की है। उन्होंने यह भी बताया कि रमेश चौधरी अपने अनेक वरिष्ठ नागरिक मित्रों को गौशाला लेकर आए, जिससे वे गौसेवा के इस पुनीत कार्य से जुड़ सकें।
इस प्रेरणादायी कार्यक्रम से प्रभावित होकर उपस्थित कई वरिष्ठ नागरिकों ने गौवंश के लिए चारे की व्यवस्था हेतु सहयोग देने की घोषणा की। इस अवसर पर लगभग ₹3 लाख की सहायता राशि देने का आश्वासन प्राप्त हुआ।
कार्यक्रम में रामावतार भरतिया, संजीव गोयल, रतन गोयनका, प्रभु दयाल देवड़ा, जय देव गोयल, पवन केडिया, दीनदयाल गोयल, शांति लाल खट्टर, राजकुमार हरलालका, बहादुर सिंह सोमानी, मोहन चांडक, प्रवीण सोमैया, राजेश धनावत तथा नवीन टेकरीवाल सहित अनेक वरिष्ठ नागरिक उपस्थित थे।
कार्यक्रम के उपरांत सभी अतिथियों ने गौशाला का भ्रमण किया, गौमाता को अपने हाथों से चारा एवं गुड़ खिलाया तथा गौवंश की सेवा में लगे ध्यान फाउंडेशन के कार्यों की सराहना की।
कार्यक्रम का समापन अजय पोद्दार द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। उन्होंने रमेश चौधरी, सिग्नेचर एस्टेट अपार्टमेंट से पधारे सभी वरिष्ठ नागरिकों, स्वयंसेवकों एवं सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए गौसेवा के इस पवित्र अभियान में निरंतर सहयोग की अपील की।

