मानवता की मिसाल: लखीमपुर से शिवसागर के लिए बाढ़ राहत सामग्री से भरा ट्रक रवाना
थर्ड आई न्यूज
लखीमपुर से बाबू देव पांडे
हाल ही में आई भीषण बाढ़ से प्रभावित शिवसागर जिले के लोगों की सहायता के लिए लखीमपुर के लोगों ने मानवता और सामाजिक सरोकार का प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया है। जरूरतमंदों तक राहत पहुंचाने के उद्देश्य से शुक्रवार को लखीमपुर के त्याग क्षेत्र से राहत सामग्री से भरा एक ट्रक शिवसागर के लिए रवाना किया गया।
राहत सामग्री में चावल, दाल, पीने का पानी, दवाइयां, कपड़े तथा दैनिक उपयोग की अन्य आवश्यक वस्तुएं शामिल हैं, जिन्हें बाढ़ प्रभावित परिवारों तक पहुंचाया जाएगा।
आयोजकों ने बताया कि यह राहत अभियान लखीमपुर के उदार नागरिकों, समाजसेवियों तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के सहयोग से संभव हो सका। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा की इस घड़ी में पीड़ित परिवारों की सहायता करना हम सभी का नैतिक और सामाजिक दायित्व है।
राहत सामग्री रवाना करते समय उपस्थित लोगों ने विश्वास व्यक्त किया कि यह सहयोग बाढ़ पीड़ित परिवारों को कठिन परिस्थितियों से उबरने में कुछ राहत प्रदान करेगा। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से ऐसे मानवीय प्रयासों में आगे आने की भी अपील की।
“मानव सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है” की भावना के साथ लखीमपुर से शुरू की गई यह पहल सामाजिक एकजुटता और संवेदनशीलता का सशक्त संदेश दे रही है।

