नगांव-गुवाहाटी कांवड़ संघ का 40 श्रद्धालुओं का जत्था सुल्तानगंज से बाबा बैद्यनाथ धाम के लिए रवाना

थर्ड आई न्यूज

नगांव से जयप्रकाश सिंह

सावन मास के शुभारंभ के साथ ही भगवान शिव के भक्तों में भक्ति और उत्साह का माहौल है। इसी क्रम में नगांव-गुवाहाटी कांवड़ संघ के तत्वावधान में 40 कांवड़ियों का जत्था सुल्तानगंज से पवित्र गंगाजल लेकर बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर के लिए रवाना हुआ।

श्रद्धालु सुल्तानगंज में उत्तरवाहिनी गंगा से कांवड़ में जल भरने के बाद लगभग 120 किलोमीटर की पैदल यात्रा पूरी कर देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचेंगे, जहां भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करेंगे।

कांवड़ यात्रा-2026 के सफल संचालन एवं श्रद्धालुओं की सेवा के उद्देश्य से नगांव-गुवाहाटी कांवड़ संघ की समिति का गठन किया गया है। समिति में सुनील पोद्दार को सभापति, अमित चौधरी को उपसभापति तथा पीयूष लाठ को सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा समिति में अनेक सक्रिय एवं समर्पित सदस्यों को भी शामिल किया गया है।

संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि कांवड़ियों का जत्था 29 जुलाई को नगांव से सुल्तानगंज के लिए रवाना हुआ था। सुल्तानगंज पहुंचने के बाद सभी श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से गंगाजल भरकर बाबा बैद्यनाथ धाम की पैदल यात्रा प्रारंभ की।

संघ ने भगवान भोलेनाथ से सभी श्रद्धालुओं की मंगलमय एवं सुरक्षित यात्रा तथा विश्व के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *