श्रावण मास में कांवड़ यात्रियों की सेवा को समर्पित मस्त मंडल का भंडारा शुरू, शुक्रेश्वर मंदिर के समक्ष प्रत्येक रविवार और सोमवार को चलेगा सेवा अभियान
थर्ड आई न्यूज
गुवाहाटी, 3 अगस्त। श्रावण मास के पावन अवसर पर मस्त मंडल, गुवाहाटी की ओर से शुक्रेश्वर मंदिर के समक्ष बोल बम कांवड़ यात्रियों की सेवा के लिए विशाल भंडारे का शुभारंभ किया गया। श्रावण माह के प्रत्येक रविवार को आयोजित होने वाले इस सेवा अभियान का विधिवत उद्घाटन 2 अगस्त को किया गया।
उद्घाटन समारोह में एसएसबी के कमांडेंट सुनील कौशिक मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर वरिष्ठ समाजसेवी धनपत कुंडालिया ने पारंपरिक गमछा भेंट कर उनका स्वागत किया। वहीं युवा उद्योगपति एवं समाजसेवी मोहित मालू तथा संजय दुग्गड़ ने असम की पारंपरिक झापी पहनाकर उनका अभिनंदन किया।
इसके बाद मुख्य अतिथि ने भगवान को भोग अर्पित कर भंडारा सेवा का शुभारंभ किया। तत्पश्चात बोल बम कांवड़ यात्रियों और श्रद्धालुओं को प्रसाद एवं भोजन वितरित किया गया।
भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और कांवड़ यात्रियों ने प्रसाद ग्रहण किया। सेवा का यह क्रम देर रात लगभग तीन बजे तक निरंतर चलता रहा, जिसमें मंडल के सदस्यों ने पूरे समर्पण और उत्साह के साथ सेवा प्रदान की।
मस्त मंडल, गुवाहाटी के पदाधिकारियों ने बताया कि श्रावण मास के दौरान प्रत्येक रविवार और सोमवार को यह सेवा अभियान नियमित रूप से आयोजित किया जाएगा, ताकि कांवड़ यात्रियों को उनकी यात्रा के दौरान भोजन, प्रसाद और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जा सके।

