नगांव के सीआरपीएफ कैंप में फायरिंग: एसआई ने दो साथियों की हत्या के बाद खुद को मारी गोली, एक जवान गंभीर घायल

थर्ड आई न्यूज

नगांव से जयप्रकाश सिंह

नगांव के कटिमारी स्थित सीआरपीएफ की 34वीं बटालियन मुख्यालय में मंगलवार सुबह हुई गोलीबारी की घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। कैंप के भीतर लगातार गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया। शुरुआत में लोगों को किसी मुठभेड़ की आशंका हुई, लेकिन बाद में घटना की वास्तविक जानकारी सामने आने पर हड़कंप मच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सीआरपीएफ के उपनिरीक्षक (एसआई) बल्लानी प्रेमाबरम ने कैंप परिसर के भीतर अपने साथी जवानों पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस गोलीबारी में हेड कॉन्स्टेबल रामनवल सिंह यादव और एसआई विष्णु प्रसाद बघेल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एसआई गोविंद श्रीपुल गंभीर रूप से घायल हो गए।

वारदात को अंजाम देने के बाद एसआई बल्लानी प्रेमाबरम ने अपनी सर्विस राइफल से स्वयं को गोली मार ली, जिससे उनकी भी मौके पर ही मौत हो गई। इस प्रकार घटना में कुल तीन सीआरपीएफ जवानों की मौत हो गई, जबकि एक जवान गंभीर रूप से घायल है।

घायल जवान को पहले नगांव के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जीएमसीएच) रेफर कर दिया गया।

घटना के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। सीआरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है और कैंप परिसर की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है।

इस दर्दनाक घटना के बाद कटिमारी सीआरपीएफ कैंप और आसपास के क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *