‘फुलफिल द विश’ पहल से कैंसर पीड़ित बच्चों के चेहरों पर आई मुस्कान,सेंट जूड्स चाइल्ड केयर के दो केंद्रों में बच्चों की इच्छाएं पूरी कर बांटी खुशियां

थर्ड आई न्यूज़

गुवाहाटी। कैंसर से जूझ रहे बच्चों के जीवन में खुशियों के कुछ पल जोड़ने के उद्देश्य से लायंस क्लब ऑफ गुवाहाटी ग्रेटर ने ‘फुलफिल द विश’ पहल के तहत सेंट जूड्स चाइल्ड केयर के दो केंद्रों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया। क्लब अध्यक्ष रवि हरलालका के नेतृत्व में सुबह भांगागढ़ स्थित एन.के. पैलेस केंद्र और दोपहर में जू रोड के पद्मपथ केंद्र में बच्चों की इच्छाएं पूरी कर उन्हें मनपसंद उपहार दिए गए।

इस सेवा पहल को पंकज सरावगी और अर्पणा सरावगी ने अपनी पुत्री प्रीयल सरावगी के जन्मदिन के अवसर पर प्रायोजित किया। प्रीयल ने दोनों केंद्रों के बच्चों से मुलाकात की और उनकी पसंद तथा इच्छा के अनुरूप खिलौने एवं अन्य वस्तुएं उपहार स्वरूप प्रदान कीं। मनचाहे उपहार पाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी दिखाई दी।

कार्यक्रम के दौरान सेंट जूड्स चाइल्ड केयर की ओर से भी प्रीयल के जन्मदिन को यादगार बनाया गया। केंद्र में रह रहे बच्चों के माता-पिता द्वारा हाथ से तैयार किया गया एक विशेष उपहार उन्हें भेंट किया गया और इस पहल के लिए सरावगी परिवार तथा लायंस क्लब के प्रति आभार जताया गया।

सेवा कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला समन्वयक (बाल कैंसर) सुरेश गग्गड, कार्यक्रम संचालिका विमला जाजोदिया, विकास हरलालका सहित क्लब के सदस्यों ने सक्रिय सहयोग दिया।

कार्यक्रम के समापन पर क्लब के सदस्यों ने प्रीयल सरावगी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। सदस्यों ने कहा कि जन्मदिन जैसे व्यक्तिगत अवसर को जरूरतमंद बच्चों की खुशियों से जोड़ना समाज में संवेदना और सेवा की भावना को बढ़ावा देने का सुंदर माध्यम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *