‘ब्रेन रेन’ में दिखी विद्यार्थियों की रचनात्मकता और वैज्ञानिक सोच, शिशु निकेतन हायर सेकेंडरी स्कूल में विज्ञान, कला, खेल, साहित्य और संस्कृति की प्रदर्शनी
थर्ड आई न्यूज़
गुवाहाटी, 25 अगस्त। नारायण नगर स्थित शिशु निकेतन हायर सेकेंडरी स्कूल में विज्ञान, कला, खेल, साहित्य एवं संस्कृति पर आधारित प्रदर्शनी ‘ब्रेन रेन’ का आयोजन उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। विद्यार्थियों ने अपने मॉडल, प्रयोग, कलाकृतियों और विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा एवं रचनात्मकता का परिचय दिया।
प्रदर्शनी के लिए विद्यार्थियों ने कई दिनों तक तैयारी की थी। विज्ञान खंड में सौर मंडल, वैज्ञानिक आविष्कारों और विज्ञान से जुड़े विभिन्न विषयों पर मॉडल प्रस्तुत किए गए। विद्यार्थियों ने प्रयोगों के माध्यम से वैज्ञानिक सिद्धांतों को सरल और रोचक तरीके से समझाया। गणित से जुड़े रोचक खेल भी आकर्षण का केंद्र रहे।
खेल खंड में पुराने और लुप्त होते पारंपरिक खेलों को प्रदर्शित कर नई पीढ़ी को पारंपरिक खेल संस्कृति से परिचित कराने का प्रयास किया गया। कला खंड में विद्यार्थियों के बनाए चित्र और हस्तशिल्प प्रदर्शित किए गए। सांस्कृतिक खंड में देश के विभिन्न राज्यों की कला, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिली। साहित्य से जुड़ी प्रस्तुतियों ने प्रदर्शनी को और विविध बनाया।
प्रदर्शनी का शुभारंभ स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष पवन कुमार अगरवाला, कोषाध्यक्ष किशन लोहिया, सह-सचिव रतन गोयनका एवं नवलकिशोर मोर, प्रधानाचार्या रीना भौमिक और उप-प्रधानाचार्या सरवरी दास की उपस्थिति में दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।
पवन कुमार अगरवाला ने विद्यार्थियों की मेहनत और कल्पनाशीलता की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं होना चाहिए। विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए रचनात्मक और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में भागीदारी भी महत्वपूर्ण है।
प्रधानाचार्या रीना भौमिक ने विद्यार्थियों को विज्ञान, खेल, कला, साहित्य और संस्कृति के विभिन्न क्षेत्रों में अपनी रुचि विकसित करने तथा निरंतर नया सीखने के लिए प्रेरित किया।
प्रदर्शनी देखने के लिए बड़ी संख्या में अभिभावक भी स्कूल पहुंचे। उन्होंने विद्यार्थियों के मॉडल, प्रयोगों और कलाकृतियों को देखा तथा उनके प्रयासों की सराहना की। ‘ब्रेन रेन’ विद्यार्थियों के लिए अपनी प्रतिभा, वैज्ञानिक सोच और रचनात्मकता को सामने लाने का प्रभावी मंच साबित हुई।

