शिक्षक दिवस पर पारीक महिला परिषद ने शिक्षकों और विद्यालय कर्मियों का किया सम्मान
प्रेसीडेंसी स्कूल में सांस्कृतिक कार्यक्रम, फूलाम गमछा और उपहार भेंट कर जताया आभार
गुवाहाटी, 5 सितंबर। शिक्षक दिवस के अवसर पर पारीक महिला परिषद, गुवाहाटी की ओर से उल्लूबाड़ी स्थित प्रेसीडेंसी स्कूल में शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। परिषद की अध्यक्ष निशा पारीक के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में शिक्षकों के साथ विद्यालय के अन्य कर्मियों को भी उनकी सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया।
समारोह की शुरुआत महान शिक्षाविद् एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर पुष्पांजलि और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। उपस्थित लोगों ने शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान का स्मरण करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य और उनकी धर्मपत्नी को पारंपरिक फूलाम गमछा पहनाकर सम्मानित किया गया। शिक्षक-शिक्षिकाओं को परिषद की ओर से फोल्डर एवं नाश्ता भेंट किया गया। विद्यालय की आयाओं की सेवाओं को भी सम्मान समारोह में विशेष स्थान दिया गया और उन्हें उपहार स्वरूप लंच बॉक्स प्रदान किए गए।
शिक्षक दिवस की खुशियां साझा करते हुए केक काटा गया और विद्यार्थियों के बीच चॉकलेट वितरित की गई। विद्यार्थियों ने बिहू नृत्य, कविताओं तथा शिक्षकों को समर्पित गीत एवं नृत्य की प्रस्तुतियां दीं। सांस्कृतिक कार्यक्रमों को उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।
कार्यक्रम में परिषद की अध्यक्ष निशा पारीक, सलाहकार सुषमा शर्मा एवं कौशल्या व्यास, कार्यकारिणी अध्यक्ष दीपिका जोशी के साथ सुंदर पारीक, ज्योति पुरोहित, सीमा जोशी, सरोज जोशी, मधु शर्मा, नेहा जोशी और सुमन पारीक उपस्थित रहीं।
समापन पर परिषद की सचिव जया पारीक ने विद्यालय परिवार, शिक्षकों तथा आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। शिक्षक सम्मान और विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ कार्यक्रम उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

