नेत्रदान के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए मारवाड़ी सम्मेलन, गुवाहाटी शाखा सम्मानित
थर्ड आई न्यूज़
गुवाहाटी। समाजसेवा एवं मानव कल्याण के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय मारवाड़ी सम्मेलन, गुवाहाटी शाखा को नेत्रदान के प्रति जागरूकता एवं इस पुनीत अभियान में उल्लेखनीय योगदान के लिए शंकरदेव नेत्रालय द्वारा सम्मानित किया गया।
प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी शाखा द्वारा नेत्रदान के महत्व को जन-जन तक पहुंचाने तथा समाज में नेत्रदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास किए गए। इसी सेवा भावना एवं सामाजिक प्रतिबद्धता को सम्मान देते हुए शंकरदेव नेत्रालय की ओर से शाखा को यह सम्मान प्रदान किया गया।
इस अवसर पर नेत्रदान संयोजक भाई बजरंग सुराना जी एवं शाखा सचिव श्री सूरज सिंघानिया जी की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने इस सम्मान को पूरी शाखा के सदस्यों एवं नेत्रदान अभियान से जुड़े सभी सहयोगियों के सामूहिक प्रयासों का सम्मान बताया।
शाखा पदाधिकारियों ने कहा कि “नेत्रदान महादान” केवल एक संदेश नहीं, बल्कि किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन में प्रकाश लौटाने का महान संकल्प है। एक व्यक्ति द्वारा किया गया नेत्रदान दो व्यक्तियों के जीवन में रोशनी ला सकता है। समाज में इस पुनीत कार्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
शाखा ने भविष्य में भी नेत्रदान सहित विभिन्न सामाजिक एवं मानव सेवा गतिविधियों को और अधिक व्यापक स्तर पर संचालित करने तथा समाज के प्रत्येक वर्ग को सेवा कार्यों से जोड़ने का संकल्प व्यक्त किया।
यह सम्मान मारवाड़ी सम्मेलन, गुवाहाटी शाखा की सेवा, समर्पण एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना का गौरवपूर्ण प्रमाण है।

