चाबीपुल में बाबा रामदेव का 674वां जन्मोत्सव 20 सितंबर को
थर्ड आई न्यूज़
गुवाहाटी। चाबीपुल बाल्मीकि समाज सेवा कमेटी एवं बाबा रामदेव सेवा समिति की ओर से लोकदेवता बाबा रामदेव जी महाराज का 674वां जन्मोत्सव 20 सितंबर 2026 को श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया जाएगा। जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में 20 सितंबर को नवमी जागरण तथा 21 सितंबर को दशमी धोक का आयोजन होगा।
राजस्थान के महान लोकदेवता बाबा रामदेव जी को सामाजिक समरसता, समानता, सेवा और मानव कल्याण के प्रतीक के रूप में श्रद्धा से स्मरण किया जाता है। जनमानस में रामदेव पीर के नाम से विख्यात बाबा रामदेव जी के प्रति आस्था जाति और समाज की सीमाओं से परे रही है तथा उनके जीवन से जुड़ी लोकपरंपराएं प्रेम, भाईचारे और जरूरतमंदों की सेवा का संदेश देती हैं। आयोजकों ने श्रद्धालुओं से जन्मोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर बाबा रामदेव जी का आशीर्वाद प्राप्त करने और आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।

