पांडुनाथ देवालय में गणेश चतुर्थी पर उमड़ा आस्था का सैलाब, तीन हजार श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया ; हवन, महाआरती और नाम-कीर्तन से भक्तिमय हुआ वातावरण
थर्ड आई न्यूज़
गुवाहाटी । पांडु पोर्ट क्षेत्र स्थित ऐतिहासिक श्री पांडुनाथ देवालय में गणेश चतुर्थी का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। छह गणेश प्रतिमाओं के विधिवत अभिषेक के साथ धार्मिक अनुष्ठानों की शुरुआत हुई। इसके बाद प्रतिमाओं का श्रृंगार, मंत्रोच्चार और पूजा-अर्चना की गई। पूजा के मुख्य यजमान प्रभु पोद्दार एवं उनका परिवार रहा। पंकज अग्रवाल, मनीष अग्रवाल सहित आयोजन समिति के सदस्यों ने विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लिया।
गणपति को विभिन्न व्यंजनों का भोग लगाने के साथ पांच किलोग्राम का विशेष लड्डू केक अर्पित किया गया। इसे बिनोद जसरासरिया, संजय खेतावत, अशोक थर्ड और कंचन पोद्दार की ओर से तैयार कराया गया था। इसके बाद रमेश चौधरी की उपस्थिति में महाआरती हुई, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया।
दोपहर करीब 12 बजे महाप्रसाद वितरण शुरू हुआ। अजय खेमका के नेतृत्व में श्रद्धालुओं को भोजन परोसा गया और दिनभर में करीब तीन हजार लोगों ने महाप्रसाद ग्रहण किया। देर शाम तक मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को खिचड़ी और खीर का प्रसाद भी वितरित किया जाता रहा।
गुवाहाटी सेंट्रल के विधायक विजय गुप्ता ने भी देवालय पहुंचकर भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की। समारोह में सुशील पसारी, रमेश पंसारी, सुशील गोयल, बल किशन गोयल, रमेश अग्रवाल, दीनदयाल बेरिया, पवन मोर, पिंटू बेरिया, अमित बियाला, चंदन सेठिया, प्रकाश श्रीमाल, मिंटू पोद्दार, श्याम सुंदर अग्रवाल, विजय अग्रवाल और सुरेश पोद्दार सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
समारोह का एक प्रमुख आकर्षण बालिकाओं द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना रही। बालिकाओं ने मंत्रों और श्लोकों का पाठ कर श्रद्धालुओं की सराहना बटोरी। गणेश जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में वैदिक हवन भी हुआ, जिसमें शांति, सद्भाव और समृद्धि की कामना की गई। बैंड की भक्तिमय धुनों और पांडु क्षेत्र की स्थानीय महिला श्रद्धालुओं द्वारा प्रस्तुत नाम-कीर्तन ने पूरे परिसर को भक्तिरस से सराबोर कर दिया।
इस अवसर पर देवालय में वर्षभर किए गए विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों की जानकारी भी दी गई। मंदिर भवन का रंग-रोगन और संरचनात्मक मरम्मत करने के साथ नई विद्युत वायरिंग, फाइबर शीट की छत तथा परिसर के सौंदर्यीकरण का कार्य कराया गया है।
देवालय और गणेश चतुर्थी आयोजन में सहयोग करने वाले नागरिकों, श्रद्धालुओं एवं शुभचिंतकों को सचिव रवि कुंडलिया और कोषाध्यक्ष कमल सिंह गोलछा ने पारंपरिक असमिया गामोछा भेंट कर सम्मानित किया। पूर्व अध्यक्ष पदम सेठिया, मुख्य सलाहकार निमाई चंद्र दास और निशा पोद्दार का भी सम्मान किया गया।
समिति अध्यक्ष अजय पोद्दार के मार्गदर्शन में आयोजित समारोह में सुबह से देर शाम तक श्रद्धालुओं का आवागमन बना रहा। पूजा-अर्चना, महाआरती, हवन, नाम-कीर्तन और महाप्रसाद के बीच पूरा पांडुनाथ देवालय परिसर ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयघोष से गूंजता रहा।

