परशुराम कुंड में मूर्ति अनावरण और रथयात्रा की तैयारियों पर अरुणाचल सरकार की उच्चस्तरीय बैठक
थर्ड आई न्यूज़
उप-मुख्यमंत्री चाउना मीन ने की विप्र फाउंडेशन के योगदान की सराहना, करीब 90 अधिकारी और जनप्रतिनिधि हुए शामिल
लोहित, अरुणाचल प्रदेश। परशुराम कुंड में विप्र फाउंडेशन द्वारा स्थापित भगवान परशुराम की विश्व-विराट मूर्ति के अनावरण तथा अयोध्या से अरुणाचल प्रदेश तक प्रस्तावित ‘श्रीराम से परशुराम’ रथयात्रा के स्वागत की तैयारियों को लेकर अरुणाचल प्रदेश सरकार की उच्चस्तरीय प्रशासनिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के करीब 90 अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि शामिल हुए।
अरुणाचल प्रदेश के उप-मुख्यमंत्री चाउना मीन की अध्यक्षता में हुई बैठक में मूर्ति अनावरण समारोह, श्रद्धालुओं की सुविधाओं, प्रशासनिक व्यवस्थाओं तथा रथयात्रा के स्वागत से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। मीन ने परशुराम कुंड तीर्थ क्षेत्र के विकास और भगवान परशुराम की विशाल प्रतिमा की स्थापना में विप्र फाउंडेशन के योगदान की सराहना की। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से भी संस्था के प्रयासों की प्रशंसा की।

बैठक में मूर्ति अनावरण समारोह और रथयात्रा के स्वागत को व्यापक स्वरूप देने पर विशेष रूप से विचार किया गया। प्रदेश सरकार की ओर से आयोजन के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया गया। श्रद्धालुओं की सुविधा और आयोजन के सुचारु संचालन के लिए विभिन्न सरकारी विभागों के बीच समन्वय पर भी जोर दिया गया।
चाउना मीन ने कहा कि देश की विविध संस्कृतियों को एक सूत्र में जोड़ने वाली यह रथयात्रा अरुणाचल प्रदेश पहुंचने पर बड़े स्तर पर स्वागत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह आयोजन परशुराम कुंड की राष्ट्रीय पहचान को और मजबूत करने के साथ सांस्कृतिक एकात्मता का संदेश भी देगा। उन्होंने पूर्वोत्तर सहित देशभर के लोगों को परशुराम कुंड आने, तीर्थ क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों को देखने तथा यहां के प्राकृतिक सौंदर्य और आतिथ्य का अनुभव करने के लिए आमंत्रित किया।
बैठक में विप्र फाउंडेशन असम जोन 8ए के अध्यक्ष संजय त्रिवेदी, महामंत्री रमेश शर्मा शास्त्री, अरुणाचल प्रदेश महामंत्री भवानी पारीक और उपाध्यक्ष नीलू शर्मा भी उपस्थित रहे। संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि शीघ्र ही रथयात्रा समिति का गठन कर स्वागत एवं अन्य तैयारियां शुरू की जाएंगी।

