पितृपक्ष में श्री गौहाटी गौशाला में गौसेवा की विशेष व्यवस्था, गौ सवामणी, गौ ग्रास और गौ पूरी की सेवा उपलब्ध; 26 सितंबर से 10 अक्टूबर तक श्रद्धालु कर सकेंगे पितरों की स्मृति में सेवा
थर्ड आई न्यूज़
गुवाहाटी, 25 सितंबर। पितृपक्ष के अवसर पर पूर्वजों और पितरों की स्मृति में गौसेवा के लिए श्री गौहाटी गौशाला ने आठगांव एवं मालीगांव स्थित अपनी गौशालाओं में विशेष व्यवस्था की है। श्रद्धालु 26 सितंबर से 10 अक्टूबर तक अपनी श्रद्धा और सामर्थ्य के अनुसार गौ सवामणी, गौ ग्रास और गौ पूरी सहित विभिन्न सेवाओं में सहभागी हो सकेंगे।
गौशाला के ट्रस्टी इंचार्ज डॉ. अशोक धानुका ने बताया कि पितृपक्ष के दौरान श्रद्धालु अपने पितरों की स्मृति में गौमाता को आहार अर्पित कर सकते हैं। दोनों गौशालाओं में प्रतिदिन सुबह 6 बजे से शाम 4 बजे तक इसके लिए विशेष व्यवस्था रहेगी।
गौशाला अध्यक्ष रमेश गोयनका ने बताया कि सनातन परंपरा में पितृपक्ष और पूर्वजों की श्राद्ध तिथि पर दान, जीवदया और गौसेवा का विशेष महत्व माना गया है। इसी भावना को ध्यान में रखते हुए श्रद्धालु अपने पितरों की श्राद्ध तिथि पर गौ सवामणी अथवा गौ पूरी की सेवा करा सकते हैं।
विशेष व्यवस्था के तहत गौ सवामणी के लिए 2,000 रुपये में गेहूं एवं गुड़ का दलिया, गौ ग्रास के लिए 12,500 रुपये में एक ट्रक हरी घास तथा गौ पूरी के लिए 15,000 रुपये में गौशाला की सभी गायों के लिए एक समय के आहार की व्यवस्था की गई है। इन सेवाओं के लिए एक दिन पहले प्री-बुकिंग करानी होगी। इसके अलावा श्रद्धालु हरी घास और गुड़ आदि की सेवा भी कर सकेंगे।
गौ ग्रास, गौ सवामणी एवं गौ पूरी की प्री-बुकिंग के लिए आठगांव गौशाला में 94351-10836 तथा मालीगांव गौशाला में 94350-47267 पर सीताराम बिहानी से संपर्क किया जा सकता है।
गौशाला प्रबंधन ने श्रद्धालुओं से पितृपक्ष के दौरान अपने पूर्वजों का श्रद्धापूर्वक स्मरण करते हुए गौसेवा और जीवदया की परंपरा में सहभागी बनने का आग्रह किया है।

