अग्रसेन जयंती को सेवा से जोड़ेंगी अग्रवाल समाज की चार प्रमुख संस्थाएं, तीन दिनों तक भोजन सेवा, रक्तदान शिविर और दीपावली मिलन के साथ सांस्कृतिक संध्या की रूपरेखा तैयार

थर्ड आई न्यूज़

गुवाहाटी । महाराजा अग्रसेन जयंती को सामाजिक सरोकारों से जोड़ते हुए गुवाहाटी अग्रवाल समाज की चार प्रमुख संस्थाओं ने इस वर्ष तीन दिवसीय भोजन सेवा और रक्तदान शिविर आयोजित करने का निर्णय लिया है। इसके साथ 25 अक्टूबर को दीपावली मिलन, महाराजा अग्रसेन सहयोग पत्र ड्रॉ एवं सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करने के लिए गुरुवार शाम आठगांव स्थित श्री गौहाटी गौशाला परिसर में चारों संस्थाओं की संयुक्त बैठक आयोजित की गई।

बैठक में अग्रवाल सभा, गुवाहाटी; अग्रवाल युवा परिषद, गुवाहाटी; महाराजा अग्रसेन चैरिटेबल ट्रस्ट, गुवाहाटी तथा महाराजा अग्रसेन शिक्षा कोष, गुवाहाटी के करीब 25 प्रतिनिधियों एवं सदस्यों ने हिस्सा लिया। आगामी 11 अक्टूबर को महाराजा अग्रसेन जयंती और 25 अक्टूबर को होने वाले दीपावली मिलन सहित विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

महाराजा अग्रसेन जयंती का मुख्य समारोह 11 अक्टूबर को सूरजमल जुहारमल सांगानेरिया धर्मशाला में आयोजित होगा। इस अवसर पर ध्वजारोहण, 1008 दीप प्रज्ज्वलन और अग्र वंदना के साथ विभिन्न धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

जयंती को सेवा से जोड़ते हुए 9, 10 और 11 अक्टूबर की सुबह क्रमशः आठगांव गौशाला, बी. बरुआ कैंसर हॉस्पिटल तथा गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल में जरूरतमंदों के लिए भोजन सेवा आयोजित करने का निर्णय लिया गया। बैठक में कहा गया कि महाराजा अग्रसेन के सहयोग, सामाजिक समरसता और सेवाभाव के आदर्शों को जनसेवा के माध्यम से आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।

कार्यक्रमों की अगली कड़ी में 25 अक्टूबर की सुबह मारवाड़ी हॉस्पिटल, आठगांव में रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। इसी दिन होटल विश्वरत्न में दीपावली मिलन समारोह होगा। इसमें महाराजा अग्रसेन सहयोग पत्र का ड्रॉ और सांस्कृतिक संध्या प्रमुख आकर्षण रहेंगे।

बैठक में अग्रवाल सभा के अध्यक्ष पवन कुमार जाजोदिया, उपाध्यक्ष प्रदीप भुवालका, सचिव सीए रतन कुमार अगरवाला, कोषाध्यक्ष विनोद कुमार लोहिया, सह-सचिव सुशील जालान, अग्रवाल युवा परिषद के अध्यक्ष रंजन अग्रवाल, महाराजा अग्रसेन चैरिटेबल ट्रस्ट के मंत्री सुनील अग्रवाल, महाराजा अग्रसेन शिक्षा कोष के अध्यक्ष बिजय अग्रवाल तथा आयोजन समिति के प्रमुख सुजीत बुखरेडिया सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।

महिला सदस्यों ने भी बैठक में सक्रिय भागीदारी की। पुष्पा खेमका, सरोज जालान, नीलम जाजोदिया, सरिता लोहिया, नीतू बुखरेडिया और सरोज अग्रवाल सहित अन्य महिला सदस्यों ने प्रस्तावित कार्यक्रमों को लेकर अपने सुझाव रखे।

प्रदीप भुवालका ने अग्रवाल समाज के लोगों से जयंती समारोह, सेवा कार्यक्रमों और दीपावली मिलन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की। बैठक में चारों संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने आपसी समन्वय और व्यापक सामाजिक सहभागिता के साथ सभी कार्यक्रमों को आयोजित करने का निर्णय लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *