गौड़ ब्राह्मण समाज के दीपावली मिलन समारोह में दिखा आत्मीयता और सांस्कृतिक विरासत का सुंदर संगम,पोम्पी पल्लवी ने अपनी गायकी से बांधा समां, बड़ी संख्या में समाजबंधुओं ने की शिरकत

थर्ड आई न्यूज़

गुवाहाटी, 15 नवंबर। गौड़ ब्राह्मण महासभा एवं गौड़ महिला समिति, गुवाहाटी के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को आयोजित दीपावली मिलन समारोह, सांस्कृतिक संध्या एवं प्रीति भोज बड़े ही उत्साह, उमंग और आत्मीयता के साथ संपन्न हुआ। फैंसी बाजार के एसआरसीबी रोड स्थित सांगानेरिया धर्मशाला में आयोजित इस समारोह में महानगर के गौड़ ब्राह्मण परिवारों ने बड़ी संख्या में सपरिवार शिरकत की। समारोह में दीपावली के बाद आपसी मेल-मिलाप की पुरानी परंपरा और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का सुंदर संगम देखने को मिला।

समारोह का मुख्य आकर्षण गुवाहाटी की सुप्रसिद्ध गायिका पोम्पी पल्लवी की संगीतमय प्रस्तुतियां रहीं। उन्होंने राजस्थानी और हिंदी गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियों से ऐसा समां बांधा कि उपस्थित लोग मंत्रमुग्ध हो गए। वहीं गौड़ ब्राह्मण समाज के गायक कलाकार प्रभात शर्मा ने भी अपनी शानदार गायकी से श्रोताओं का दिल जीत लिया। गीत-संगीत के बीच पूरा सभागार उत्साह और उल्लास से सराबोर नजर आया।

समारोह के सफल आयोजन में गौड़ महिला समिति की उल्लेखनीय भागीदारी रही। सांस्कृतिक संध्या की तैयारियों से लेकर कार्यक्रम के संचालन और विभिन्न व्यवस्थाओं तक महिला समिति की सदस्याओं ने पूरे उत्साह एवं समर्पण के साथ अपनी भूमिका निभाई।

समारोह का सबसे सुखद पक्ष एक ही छत के नीचे बड़ी संख्या में गौड़ ब्राह्मण परिवारों का एकत्रित होना रहा। लंबे समय बाद कई समाजबंधुओं को एक-दूसरे से मिलने का अवसर मिला। किसी ने अपने से बड़ों का आशीर्वाद लिया तो किसी ने हमउम्र साथियों के साथ पुरानी यादें ताजा कीं। बच्चों और युवाओं को भी समाज के विभिन्न परिवारों से परिचित होने का अवसर मिला। आपसी स्नेह और अपनत्व से भरे इस वातावरण में उपस्थित समाजबंधु भावविभोर नजर आए।

दीपावली के बाद समाजबंधुओं से मिलने, बड़ों का आशीर्वाद लेने और एक-दूसरे को शुभकामनाएं देने की हमारी पुरानी परंपरा रही है। व्यस्त जीवनशैली और बदलती सामाजिक परिस्थितियों के बीच इस तरह के आयोजन उस परंपरा को जीवंत बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शनिवार का यह समारोह भी इसी भावना को साकार करता नजर आया।

आयोजन को सफल बनाने के लिए गौड़ ब्राह्मण महासभा के कार्यकर्ता पिछले कई दिनों से अथक परिश्रम कर रहे थे। उनके समर्पण और सामूहिक प्रयासों का ही परिणाम था कि इतनी बड़ी संख्या में समाज के परिवार एक मंच पर एकत्रित हो सके। कार्यक्रम की सफलता में समाजसेवी निर्मल तिवाड़ी की भी उल्लेखनीय भूमिका रही। उन्होंने आयोजन समिति के सदस्यों का मार्गदर्शन करने के साथ ही उनके कंधे से कंधा मिलाकर कार्य किया और समारोह को सफल बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया।

समारोह में उपस्थित समाजबंधुओं ने आयोजकों के प्रयासों की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजन होते रहने चाहिए, ताकि समाज के विभिन्न परिवारों के बीच आपसी संपर्क, संवाद और आत्मीयता बनी रहे।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ आयोजित प्रीति भोज में भी समाजबंधुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। गीत-संगीत, हंसी-खुशी और अपनों के सान्निध्य में बिताई गई यह शाम समाजबंधुओं के लिए यादगार बन गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *