ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर धुबड़ी नतमस्तक, भव्य तिरंगा यात्रा से गूंज उठा शहर
थर्ड आई न्यूज
रविन्द्र तोदी की रिपोर्ट
धुबड़ी। भारतीय सेना के सम्मान और ऑपरेशन सिंदूर की ऐतिहासिक सफलता के उपलक्ष्य में धुबड़ी शहर आज देशभक्ति की भावना से पूरी तरह सराबोर नजर आया। राष्ट्रीय सुरक्षा नागरिक समाज के बैनर तले आयोजित विशाल तिरंगा यात्रा ने पूरे नगर को राष्ट्र प्रेम के रंग में रंग दिया।
इस भव्य यात्रा का शुभारंभ तेतुलतला स्थित स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा के समक्ष हुआ। यात्रा में थल सेना, वायु सेना, नौसेना एवं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सम्मान में नारे गूंजते रहे। “वंदे मातरम्” और “भारत माता की जय” जैसे गगनभेदी नारों से पूरा शहर गूंज उठा।
तिरंगा यात्रा में शहर के विभिन्न हिस्सों से हजारों की संख्या में पुरुष, महिलाएं, युवा, बच्चे और वरिष्ठ नागरिक उत्साहपूर्वक शामिल हुए। हर किसी के हाथों में राष्ट्रध्वज था, और लगभग 150 मीटर लंबा विशाल तिरंगा युवाओं की टोली ने पूरे सम्मान और जोश के साथ थाम रखा था। यह तिरंगा लहराता हुआ जनमानस में एक विशेष ऊर्जा का संचार कर रहा था।
इस अवसर पर देशभक्ति गीतों की धुनों पर झूमते नागरिकों का उत्साह देखते ही बनता था। जोशीले गीतों, नारों और लहराते तिरंगे के साथ यह यात्रा सेना के शौर्य और बलिदान को समर्पित एक ऐतिहासिक क्षण बन गई।
यात्रा में भाग लेने वाले युवाओं ने कहा कि देश की बहादुर सेनाओं के सम्मान में शामिल होना उनके लिए गौरव की बात है, और यह पल उनके जीवन की अमूल्य स्मृति बन चुका है।
शहरवासियों ने ऑपरेशन सिंदूर की सफलता को राष्ट्र का गौरवशाली क्षण बताते हुए इसे भारतीय सेना की वीरता का प्रतीक बताया।
यह तिरंगा यात्रा पूरे शहर में भ्रमण करते हुए धुबड़ी के नागरिकों के मन में राष्ट्र प्रेम, एकता और गौरव की भावना को प्रज्वलित कर गई।


alt="Header Advertisement"
class="header-ad-image">