alt="Header Advertisement" class="header-ad-image">     

धार्मिक महिला समिति, बरपेटा रोड के तत्वावधान में नववर्ष पर “एक शाम राम के नाम” का भव्य आयोजन

थर्ड आई न्यूज

बरपेटा रोड़, 5 जनवरी: नववर्ष 2026 के शुभ, मंगलमय एवं पावन आगमन के अवसर पर दिनांक 4 जनवरी 2026, रविवार को श्री राधाकृष्ण ठाकुरबाड़ी, बरपेटा रोड के पवित्र प्रांगण में भव्य भजन संध्या “एक शाम राम के नाम” का अत्यंत दिव्य, अनुशासित एवं भाव-विभोर कर देने वाला आयोजन श्रद्धा, भक्ति एवं उल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। यह आध्यात्मिक संध्या सायं 5:00 बजे से राष्ट्रीय संत श्री नवराज प्रपन्न जी महाराज के पावन सान्निध्य में आयोजित की गई। कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर धार्मिक महिला समिति की श्रद्धालु बहनों द्वारा महाराज जी का पुष्पवर्षा के साथ भावपूर्ण स्वागत किया गया। तत्पश्चात भगवान श्री गणेश की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का विधिवत एवं मंगलमय शुभारंभ किया गया। इसके पश्चात सर्वप्रथम समाज के वरिष्ठ व्यक्तियों द्वारा राष्ट्रीय संत श्री नवराज प्रपन्न जी महाराज का पुष्पमाला पहनाकर श्रद्धापूर्वक अभिनंदन किया गया। तदुपरांत धार्मिक महिला समिति की सदस्यों द्वारा शाल ओढ़ाकर एवं सम्मान-वंदन के साथ महाराज जी का गरिमामय अभिनंदन किया गया। साथ ही कार्यक्रम में पधारे वाद्य-वादक कलाकारों का अभिनंदन युवा वर्ग द्वारा उत्साहपूर्वक किया गया।
महाराज जी एवं उनके साथ पधारे भजन गायक दल द्वारा प्रस्तुत सुमधुर, भावपूर्ण एवं भक्तिरस से परिपूर्ण भजनों की अमृतवर्षा से संपूर्ण सभागार राममय वातावरण में परिवर्तित हो गया तथा उपस्थित श्रद्धालु प्रभु के नामस्मरण में तल्लीन हो गए। अपने प्रेरणादायी प्रवचनों में महाराज जी ने कहा कि जहाँ नववर्ष के अवसर पर लोग प्रायः भ्रमण एवं पिकनिक के माध्यम से नववर्ष मनाते हैं, वहीं धार्मिक महिला समिति की बहनों ने भगवान के नाम के साथ नववर्ष का स्वागत कर एक नई एवं अनुकरणीय परंपरा की शुरुआत की है। यह पहल नई पीढ़ी को अपने संस्कार, संस्कृति एवं आध्यात्मिक मूल्यों से जोड़ने की दिशा में अत्यंत सराहनीय प्रयास है। उन्होंने समिति की बहनों के उत्साह, अनुशासन एवं भजन के माध्यम से गुरु स्वागत की भावपूर्ण शैली की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। इस अवसर पर श्री राधाकृष्ण ठाकुरबाड़ी समिति द्वारा भी महाराज जी का श्रद्धापूर्वक सम्मान एवं अभिनंदन किया गया।
इस भव्य एवं सफल आयोजन को सार्थक रूप प्रदान करने में धार्मिक महिला समिति की समस्त सदस्यों, समाजबंधुओं एवं विशेष रूप से युवा वर्ग का उल्लेखनीय योगदान रहा, जिन्होंने मंच निर्माण से लेकर प्रसाद निर्माण एवं वितरण तक समस्त व्यवस्थाएँ अत्यंत सुंदर, सुव्यवस्थित एवं अनुकरणीय ढंग से संपन्न कीं। कार्यक्रम के समापन पश्चात सभी श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद की उत्तम व्यवस्था की गई। बरपेटा रोड के समाजबंधुओं, मातृशक्ति एवं श्रद्धालुजनों की बड़ी संख्या में उपस्थिति ने इस आध्यात्मिक संध्या को अत्यंत सफल, स्मरणीय एवं प्रेरणास्पद बना दिया। यह प्रेस विज्ञप्ति धार्मिक महिला समिति की सचिव द्वारा जारी की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *