मारवाड़ी सम्मेलन गुवाहाटी मेट्रो शाखा ने एल.ओ.जी. हिन्दी हाई स्कूल में धूमधाम से मनाया 77वाँ गणतंत्र दिवस
थर्ड आई न्यूज
गुवाहाटी। मारवाड़ी सम्मेलन गुवाहाटी मेट्रो शाखा द्वारा 77वाँ गणतंत्र दिवस एल.ओ.जी. हिन्दी हाई स्कूल, फैंसी बाज़ार, गुवाहाटी में अत्यंत हर्षोल्लास, गरिमा और प्रखर देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। पूरा विद्यालय प्रांगण “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के गगनभेदी नारों से गूंज उठा। कार्यक्रम का शुभारंभ ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ, जिसमें सभी उपस्थितजनों ने तिरंगे को नमन कर राष्ट्र के प्रति अपनी निष्ठा व्यक्त की।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में सेवानिवृत्त संयुक्त निदेशक (स्वास्थ्य विभाग) निर्मल बेड़िया उपस्थित रहे। अपने संबोधन में उन्होंने भारतीय संविधान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संविधान हमारे लोकतंत्र की आत्मा है, जो देश की एकता, अखंडता और नागरिकों के अधिकारों व कर्तव्यों का आधार है। उन्होंने 15 अगस्त और 26 जनवरी को ध्वजारोहण की परंपरा के अंतर को भी स्पष्ट किया—बताया कि 15 अगस्त को ध्वज नीचे से ऊपर फहराया जाता है, जबकि 26 जनवरी को ध्वज पहले से ऊपर बंधा होता है और उसे खोलकर फहराया जाता है, जो गणराज्य बनने का प्रतीक है।
मारवाड़ी सम्मेलन गुवाहाटी मेट्रो शाखा के अध्यक्ष अमित कुमार कंसल ने अपने ओजस्वी अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि 26 जनवरी केवल एक राष्ट्रीय पर्व नहीं, बल्कि लोकतंत्र की सर्वोच्चता, संविधान के सम्मान और जन-शक्ति के गौरव का प्रतीक है। उन्होंने युवाओं से अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों के प्रति भी सजग रहने का आह्वान किया।
उन्होंने राष्ट्रीय तिरंगे के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि केसरिया रंग त्याग, साहस और बलिदान का प्रतीक है, सफेद रंग सत्य और शांति का, तथा हरा रंग समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य का संकेत देता है। तिरंगे के मध्य स्थित अशोक चक्र को उन्होंने निरंतर गति, न्याय और धर्म के मार्ग पर अग्रसर रहने की प्रेरणा बताया।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाध्यापक वैद्यनाथ झा, विद्यालय अध्यक्ष सुभाष क्याल सहित समस्त शिक्षकगण की गरिमामयी उपस्थिति रही। शिक्षकों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीतों ने वातावरण को राष्ट्रप्रेम से सराबोर कर दिया।
इसके पश्चात विद्यालय के विद्यार्थियों और शिक्षकों द्वारा फैंसी बाज़ार क्षेत्र में एक भव्य प्रभात रैली निकाली गई। हाथों में तिरंगा लिए विद्यार्थियों ने “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के उद्घोष के साथ पूरे क्षेत्र में देशभक्ति का संदेश फैलाया।
कार्यक्रम में मारवाड़ी सम्मेलन के अनेक सदस्य उपस्थित रहे। विशेष रूप से पीयूष गनेड़ीवाल, संदीप बेड़िया और विनोद कुमार मोर ने आयोजन की सफलता में महत्वपूर्ण योगदान दिया। इस संपूर्ण कार्यक्रम के संयोजक अनिल शर्मा रहे, जिनके कुशल संयोजन और समर्पण से यह आयोजन अत्यंत सफल और स्मरणीय बना।
अंत में मारवाड़ी सम्मेलन गुवाहाटी मेट्रो शाखा की ओर से सभी देशवासियों को 77वें गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ दी गईं और राष्ट्र की एकता, अखंडता व समृद्धि के लिए सामूहिक संकल्प लिया गया।


alt="Header Advertisement"
class="header-ad-image">