मायुमं गुवाहाटी समृद्धि शाखा का ‘SPL 2.0’ बना खेल, सहभागिता और सशक्तिकरण का उत्सव

थर्ड आई न्यूज़

गुवाहाटी। मारवाड़ी युवा मंच गुवाहाटी समृद्धि शाखा द्वारा सिग्नेचर प्रोजेक्ट SPL 2.0 का भव्य एवं यादगार आयोजन 29 जनवरी 2026 को बीरुबाड़ी स्थित राइनो स्पोर्ट्स एरीना में अत्यंत उत्साह और उमंग के साथ संपन्न हुआ। यह आयोजन खेल, सहभागिता और सामूहिक आनंद का उत्कृष्ट उदाहरण बना, जिसे दो सत्रों में आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के प्रथम सत्र में महिलाओं के बीच क्रिकेट मैच का शानदार आयोजन किया गया। प्रातः 10 बजे आरंभ हुए इस मैच का उद्घाटन प्रांतीय कोषाध्यक्ष मितेश सुराणा एवं गुवाहाटी ग्रेटर शाखा के संस्थापक अध्यक्ष रितेश खतेड़ द्वारा टॉस कराकर किया गया। महिलाओं के जोश, अनुशासन और खेल भावना ने पूरे वातावरण को ऊर्जावान बना दिया। इस सत्र के लिए चार टीमें गठित की गई थीं, जिनमें समृद्धि शाखा की सदस्यों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। मैच के पश्चात सभी प्रतिभागियों एवं अतिथियों के लिए सुस्वादु भोजन की व्यवस्था की गई।

दोपहर 3 बजे से कार्यक्रम का दूसरा सत्र आरंभ हुआ, जिसमें बच्चों द्वारा क्रिकेट मैच खेला गया। बच्चों की ऊर्जा, उत्साह और खेल भावना ने दर्शकों का मन मोह लिया। इस सत्र ने आयोजन को और अधिक जीवंत व आनंददायक बना दिया।

मैचों के समापन के बाद महिला एवं बाल वर्ग की विजेता टीमों को सम्मानित किया गया। ट्रॉफी, मैन ऑफ द मैच, बेस्ट बैट्समैन, बेस्ट बॉलर, बेस्ट फील्डर तथा सभी प्रतिभागियों को मेडल प्रदान किए गए। यह सम्मान समारोह प्रांतीय उपाध्यक्ष मोहित मालू, खेलकूद संयोजक रमेश पारीख एवं प्रांत की सह मंत्री रूबी जालान द्वारा संपन्न कराया गया।

इस अवसर पर समृद्धि शाखा की अध्यक्ष रीना बरडिया, सचिव सारिका भंडारी, कोषाध्यक्ष संगीता कोठारी, संस्थापक अध्यक्ष सुमिता बरडिया, सलाहकार लता झंवर, बबीता मित्तल, निवर्तमान अध्यक्ष अंजू शर्मा, संयुक्त सचिव सोनिका अग्रवाल सहित सुनीता राठी, प्रमिला पगारिया, पूनम जैन, सोनू चौधरी, सोनिया छाबड़ा, पूजा खंडेलवाल और नेहा कासलीवाल विशेष रूप से उपस्थित रहीं। साथ ही गुवाहाटी की विभिन्न शाखाओं के अध्यक्ष, सचिव एवं कोषाध्यक्षों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

इस आयोजन को सफल बनाने में प्रोजेक्ट हेड अरुणा शर्मा, संयोजिका रंजना शर्मा, संतोष राठी एवं डिंपल शर्मा की सक्रिय भूमिका अत्यंत सराहनीय रही। शाखा की ओर से उपस्थित अतिथियों का पारंपरिक फुलाम गमछा पहनाकर सम्मान किया गया। कार्यक्रम को और अधिक प्रभावशाली बनाने में कमेंटेटर, अंपायर एवं स्कोरर का योगदान भी उल्लेखनीय रहा।

SPL 2.0 केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं रहा, बल्कि यह महिलाओं और बच्चों के सशक्तिकरण, टीमवर्क, सहभागिता और सामूहिक आनंद का प्रेरक मंच बनकर उभरा, जो लंबे समय तक सभी की स्मृतियों में उत्साह और प्रेरणा के रूप में अंकित रहेगा। यह जानकारी शाखा की जनसंपर्क सचिव निधि लुहाडिया द्वारा दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *