बोंदा गांव में लायंस उमंग का मेगा हेल्थ कैंप, सैकड़ों ग्रामीणों ने उठाया लाभ
थर्ड आई न्यूज़
गुवाहाटी, 2 फरवरी। महानगर के नारंगी क्षेत्र अंतर्गत बोंदा गांव में लायंस क्लब ऑफ गुवाहाटी उमंग की ओर से निःशुल्क मेगा हेल्थ चेकअप कैंप का सफल आयोजन किया गया। क्लब की जनसंपर्क अधिकारी पायल चड्ढा ने बताया कि अध्यक्ष बिमला कोचर के नेतृत्व में यह सेवा कार्य लायंस डिस्ट्रिक्ट 322जी के वन डिस्ट्रिक्ट–वन एक्टिविटी कार्यक्रम के अंतर्गत संपन्न हुआ।
क्लब की सचिव स्वाती चौधरी ने जानकारी दी कि लायंस उमंग द्वारा गोद लिए गए बोंदा गांव में लायंस स्वास्थ्य गांव पहल के तहत इस मेगा हेल्थ चेकअप कैंप का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों के लिए नेत्र परीक्षण, दंत जांच, मधुमेह, उच्च रक्तचाप सहित विभिन्न रोगों की निःशुल्क जांच की गई।
कोषाध्यक्ष रेनु अग्रवाल ने बताया कि पुथिभराल जनजातीय सभागृह में आयोजित इस कैंप में लायंस गौहाटी आई हॉस्पिटल के अनुभवी चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। जांच के दौरान कई मरीज मोतियाबिंद से ग्रस्त पाए गए, जिनका आगामी दिनों में निःशुल्क ऑपरेशन किया जाएगा। इसके अलावा जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क चश्मे भी वितरित किए गए। शिविर का लाभ बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उठाया।
अध्यक्ष बिमला कोचर ने बताया कि कैंप के दौरान क्लब की स्थायी परियोजना नेवैद्यम के अंतर्गत ग्रामीणों के लिए सात्विक भोजन की भी व्यवस्था की गई। इस अवसर पर अध्यक्ष बिमला कोचर, सचिव स्वाती चौधरी, कोषाध्यक्ष रेनु अग्रवाल, सेवा समन्वयक रितु बंका, कंचन बेताला, सरोज जालान सहित क्लब की अन्य सदस्याएं उपस्थित रहीं।

