टैक्स बार एसोसिएशन ने की राज्यपाल से शिष्टाचार मुलाकात
![](https://thirdeyenews.co.in/wp-content/uploads/2024/10/3cbcacb3-4060-4ab4-b015-1007b6458368.jpeg)
थर्ड आई न्यूज
गुवाहाटी I टैक्स बार एसोसिएशन, गुवाहाटी के एक प्रतिनिधिमंडल ने अध्यक्ष दिनेश शर्मा के नेतृत्व में असम के महामहिम राज्यपाल से राजभवन में शिष्टाचार भेंट की। प्रतिनिधिमंडल में अध्यक्ष के साथ उपाध्यक्ष संजय सुरेका, कोषाध्यक्ष मानस जैन, विजय अग्रवाल एवं मुकेश शर्मा शामिल थे। प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल महोदय के साथ असम के आर्थिक विकास एवं आर्थिक उन्नति जैसे गंभीर विषयों पर सार्थक चर्चा करते हुए बताया कि वर्तमान में संगठन में साढ़े चार सौ से अधिक सदस्य हैं जो राज्य के आर्थिक विकास को सुदृढ़ बनाने के लिए प्रयत्नशील है। राज्यपाल ने असम के सामाजिक, सांस्कृतिक व प्राकृतिक सौंदर्य की प्रशंसा करते हुए कहा कि राज्य की ऐतिहासिक धरोहरें एवं धार्मिक स्थल भी यहां के पर्यटन को बढ़ावा देने में बहुत सक्षम हैं। प्रतिनिधिमंडल की ओर से निवेदन किया गया कि अगर राज्य सरकार टैक्स बार एसोसिएशन को उचित भूखंड उपलब्ध करवाती है तो हमारा संगठन अपने सदस्यों के संसाधनों एवं संपर्कों के माध्यम से दुनियाभर के निवेशकों को आकर्षित एवं आमंत्रित करने के लिए एक आधुनिक केंद्र बनाने में सक्षम हैं। इस विषय पर राज्यपाल महोदय का रवैया बहुत सकारात्मक रहा। सचिव गोपाल सिंघानिया ने बताया कि शीघ्र ही टैक्स बार एसोसिएशन संबंधित मंत्रालय से संपर्क करके इस विषय को आगे बढ़ाएगा। इसके साथ संगठन द्वारा राज्यपाल महोदय को आमंत्रित करके एक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा ताकि राज्यपाल महोदय के अनुभव एवं मार्गदर्शन का लाभ सभी सदस्यों को मिल सके।