Jharkhand: ‘यह चुनाव अवैध प्रवासियों को बाहर निकालने और हिंदुओं को बचाने के लिए लड़ा जा रहा’, असम CM का दावा
थर्ड आई न्यूज
रांची I झारखंड में इस महीने विधानसभा चुनाव होने वाला है। इस चुनाव से ठीक पहले असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेतृत्व वाले गठबंधन पर घुसपैठियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि यह चुनाव अवैध प्रवासियों को बाहर निकालने और हिंदुओं की रक्षा के लिए लड़ा जा रहा है। भाजपा के झारखंड चुनाव सह-प्रभारी हिमंत ने हिंदुओं से सनातन की रक्षा करने की अपील की।
भाजपा नेता ने कहा, “यह विधानसभा चुनाव झारखंड से घुसपैठियों को बाहर निकालने और हिंदुओं को बचाने के लिए है। हम हिंदू हैं, हम हिंदू थे और हम हिंदू रहेंगे। अब सनातन को बचाने के लिए एकजुट होने का समय आ गया है।” उन्होंने दावा किया कि झारखंड के कुछ इलाकों में हिंदुओं की जनसंख्या में तेजी से गिरावट देखने को मिली है। सीएम शर्मा ने कहा, “हिंदुओं ने भारत की रक्षा की है। हमें जय श्री राम का नारा लगाने के लिए एकजुट होना चाहिए।” बता दें कि झारखंड में दो चरणों में 13 और 20 नवंबर को विधानसभा चुनाव होने वाला है। नतीजे 23 नवंबर को जारी होंगे।